देश

सत्य निकेतन हादसे पर MCD दफ्तर में ABVP का हंगामा, तोड़फोड़ के बाद कमिश्नर का मांगा इस्तीफा; हिरासत में 15 छात्र

Delhi Building Collapse: दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला पीजी (PG) इमारत भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के विरोध में एबीवीपी (ABVP) के छात्रों ने एमसीडी के सिविक सेंटर में जोरदार प्रदर्शन और तोड़फोड़ की।

Image

सत्य निकेतन हादसे पर ABVP का हल्लाबोल

Photo : ANI

Delhi Building Collapse: दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस से सटे सत्य निकेतन इलाके (Satya Niketan Building Collapse) में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रों से भरा एक पांच मंजिला पीजी अचानक भरभराकर ताश के पत्तों की तरह ढह गया। कुछ ही पलों में हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार और मलबे के ढेर में बदल गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में अब तक 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पुरानी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लापरवाही से रिनोवेशन (मरम्मत) का काम चल रहा था, जिसकी वजह से पिलर कमजोर हो गए और पूरी इमारत जमींदोज हो गई। दिल्ली पुलिस ने इमारत के कथित मालिक हरिराम और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं के तहत केस (FIR No 153/26) दर्ज कर लिया है।

200 ABVP छात्रों ने जमकर किया हंगामा

हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक ढिलाई को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के लगभग 200 छात्र एमसीडी (MCD) के सिविक सेंटर पहुंचे और कमिश्नर के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। गेट नंबर 5 से जबरन अंदर घुसने की कोशिश के दौरान पुलिस और छात्रों में तीखी धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद 15 छात्रों को हिरासत में ले लिया गया।

NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ क्या बोले?

दूसरी ओर, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि घटना के दो घंटे बाद तक कोई मेडिकल टीम या प्रशासनिक मदद मौके पर नहीं पहुंची और स्थानीय छात्रों ने ही अपनी जान जोखिम में डालकर तीन लोगों की जान बचाई। इस दर्दनाक घटना पर राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसे "टाली जा सकने वाली त्रासदी" बताते हुए कहा कि देश भर से दिल्ली आने वाले छात्र अपने भविष्य के लिए आते हैं, न कि असुरक्षित पीजी में अपनी जान गंवाने। फिलहाल एनडीआरएफ की टीमें मलबे में अन्य संभावित लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!