देश

जब डॉन करीम लाला ने हेलेन को उनका घर दिलाया था वापस, चुटकियों में हुआ काम... जानिए वो दिलचस्प किस्सा

एक नई किताब "व्हेन इट ऑल बिगन: द अनटोल्ड स्टोरीज ऑफ द अंडरवर्ल्ड" में खुलासा किया गया है कि जब हेलेन (87) के पूर्व पति फिल्म निर्माता पी.एन. अरोड़ा ने उन्हें अपने घर से बाहर निकाल दिया था तब अंततः उन्हें अप्रत्याशित रूप से "मुंबई अंडरवर्ल्ड" के कुख्यात डॉन करीम लाला से मदद लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

Image

करीम लाला ने की थी हेलेन की मदद (Wikimedia)

बॉलीवुड की सबसे प्रतिष्ठित डांसरों में शुमार हेलेन को कौन नहीं जानता, लेकिन एक वक्त था जब व्यक्तिगत परेशानियों का सामना कर रहीं अभिनेत्री को "मुंबई अंडरवर्ल्ड" की मदद लेने के लिये मजबूर होना पड़ा। एक नई किताब "व्हेन इट ऑल बिगन: द अनटोल्ड स्टोरीज ऑफ द अंडरवर्ल्ड" में खुलासा किया गया है कि जब हेलेन (87) के पूर्व पति फिल्म निर्माता पी.एन. अरोड़ा ने उन्हें अपने घर से बाहर निकाल दिया था तब अंततः उन्हें अप्रत्याशित रूप से मुंबई अंडरवर्ल्ड के कुख्यात डॉन करीम लाला से मदद लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

राकेश मारिया की किताब में खुलासा

मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त राकेश मारिया द्वारा लिखित यह किताब मुंबई के अंडरवर्ल्ड के उत्थान और पतन का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करती है - जिसमें करीम लाला, हाजी मस्तान और दिलीप अजीज जैसे डॉन की पहली पीढ़ी का उदय भी शामिल है। यह किताब उस कम ज्ञात घटना का दस्तावेजीकरण करती है जिसमें लाला ने हेलेन को उस घर को वापस पाने में मदद करने के लिए हस्तक्षेप किया था, जहां से अरोड़ा ने उन्हें बेदखल कर दिया था।

बर्मा से भागकर बंबई पहुंची थीं हेलेन

किताब में बताया गया है कि हेलेन 1938 में रंगून में पैदा हुई थीं और युद्ध का सामना कर रहे बर्मा से भागकर बंबई पहुंची थीं। आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने फिल्मों का रुख किया और जल्द ही 1950 और उसके बाद के दशक की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक बनकर उभरीं, जिन्होंने 700 से ज्यादा भूमिकाएं निभाईं। किताब में बताया गया है, सुनहरे पर्दे पर आकर्षक व्यक्तित्व के पीछे हेलेन एक कमजोर युवती थीं, जो अपने से काफी बड़े अरोड़ा के साथ रिश्ते में आ गई थी और यहां तक कि उसने अपने वित्तीय और संपत्ति का नियंत्रण भी उसे सौंप दिया था।

अरोड़ ने किया संपत्ति पर कब्जा

किताब में बताया गया, हेलन को 19 साल की उम्र में 1958 में फिल्मी दुनिया में अपना पहला ब्रेक मिला। धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों में काम मिलने लगा और उन्होंने सैकड़ों फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा। हालांकि, उनकी संपत्ति का नियंत्रण अरोड़ा के हाथों में था, जिनका खुद का करियर डांवाडोल चल रहा था। अरोड़ा ने हेलेन के साथ बुरा व्यवहार करना शुरू कर दिया, लेकिन उन्होंने धैर्यपूर्वक कष्ट सहा।

अंततः, रिश्ते में इतनी खटास आ गई कि अरोड़ा ने हेलेन को उनकी जायदाद देने से इनकार कर दिया और एक दिन उन्हें घर से ही बाहर निकाल दिया। किताब में लिखा है कि हताश हेलेन ने दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार और लेखक-अभिनेता सलीम खान से मदद मांगी, जो दोनों ही इंडस्ट्री में उनके करीबी दोस्त थे।

दिलीप कुमार ने पहले खुद लाला से संपर्क करने की कोशिश की। जब वह डॉन से संपर्क नहीं कर पाए, तो उन्होंने उन्हें संबोधित एक नोट लिखा और हेलेन से उसे लाला के पास पहुंचाने को कहा।

करीम लाला ने हेलेन को मकान वापस दिलाया

किताब में लिखा है, हेलेन ने उसे (लाला को) अपनी दुर्दशा बताई। वह समझ गया कि वह झूठ नहीं बोल रही थी। उसने उससे वादा किया कि उसे उसका घर वापस मिल जाएगा, और उसे कुछ घंटों बाद वहां पहुंचने को कहा। इसके बाद जो हुआ उसने उसे हैरान कर दिया। जब वह घर पहुंची, तो अरोड़ा सारा सामान और चाबियां गार्ड के पास छोड़कर घर से जा चुका था। शुक्रवार को मुंबई में आधिकारिक तौर पर लॉन्च होने वाली, "व्हेन इट ऑल बिगन", जिसकी कीमत 999 रुपये है, पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (पीआरएचआई) द्वारा प्रकाशित की गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article