Raghav Chadha News: आम आदमी में फूट पर अन्ना हजारे ने इसे गलत बताते हुए संविधान की याद दिलाई है। आम आदमी पार्टी अन्ना हजारे के आंदोलन से ही निकली थी और धीरे-धीरे बिखरती जा रही है। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत उसके सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी है। इनमें से तीन बीजेपी (BJP) ज्वाइन कर चुके हैं।
राघव चड्ढा पर क्या बोले अन्ना हजारे?
राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे कहते हैं, "एक पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल होना सही नहीं है... अपने स्वार्थ के लिए राजनीतिक दल बदलना उचित नहीं है। इसका उल्लेख हमारे संविधान में नहीं है। हमारा संविधान सर्वोपरि है। हमारा देश संविधान के आधार पर चलता है...।"
आप पर क्या बोले अन्ना हजारे?
अन्ना हजारे ने शुक्रवार को कहा कि अगर आम आदमी पार्टी (आप) ’सही’ रास्ते पर चलती तो राघव चड्ढा और पार्टी के छह अन्य राज्यसभा सदस्य पार्टी नहीं छोड़ते। हजारे ने महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में पत्रकारों से कहा, ’’ लोकतंत्र में हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्हें (चड्ढा और अन्य लोगों को) कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा होगा, इसीलिए वे चले गए।’’
किन-किन सांसदों ने छोड़ी पार्टी?
राज्यसभा सदस्य राघव चड्डा और संदीप पाठक ने शुक्रवार को ऐलान किया कि वे और पार्टी के पांच अन्य राज्यसभा सदस्य भाजपा में शामिल हो रहे हैं। यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के 10 में से सात सदस्यों का भाजपा में विलय होने वाला है। संविधान के अनुसार किसी पार्टी के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सांसदों का दूसरी पार्टी में विलय हो सकता है। हमने इस संबंध में आज राज्यसभा सभापति सी पी राधाकृष्णन को एक पत्र सौंपा है... सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर रहे हैं। चड्ढा ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले अन्य ’आप’ राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी, स्वाति मालीवाल और अशोक मित्तल हैं। संवाददाता सम्मेलन में चड्ढा के साथ आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद थे।
