TMC MP Kirti Azad News: भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति आजाद की भगवान राम और अयोध्या के राम मंदिर पर की गई टिप्पणी की तीखी आलोचना की। उन्होंने इसे 'वोट बैंक की राजनीति' करार दिया। X पर अपने एक पोस्ट में भंडारी ने आरोप लगाया कि TMC ने 'प्रभु श्रीराम का अपमान किया है और कांग्रेस के नेतृत्व वाला INDIA गठबंधन 'सनातन से नफरत' करता है।
कभी राम मंदिर नहीं जाऊंगा-आजाद
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव अपने नेताओं को सनातन के खिलाफ बोलने के लिए प्रोत्साहित कर 'वोट बैंक की राजनीति की पराकाष्ठा' कर रहे हैं। भंडारी ने यह भी दावा किया कि जिस तरह पश्चिम बंगाल में TMC को हार का सामना करना पड़ा, उसी तरह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता विपक्ष को सजा देगी। इससे पहले कीर्ति आजाद ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि वे कभी अयोध्या के राम मंदिर नहीं जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम ने माता सीता का त्याग कर दिया था।
'मर्यादा पुरुषोत्तम' की अवधारणा पर भी उठाए सवाल
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में आज़ाद ने सवाल उठाया, 'क्या हमारे देश के 3,200 करोड़ देवी-देवताओं में भगवान राम ही एकमात्र ईश्वर हैं?' उन्होंने कहा कि अग्नि परीक्षा देने के बाद भी माता सीता को घर से निकाल दिया गया, इसलिए वे वहां क्यों जाएं। आज़ाद ने बताया कि वे मिथिला की धरती से आते हैं, जो माता सीता की जन्मभूमि है और मिथिला के हर व्यक्ति के लिए सीता मां के समान हैं। उन्होंने 'मर्यादा पुरुषोत्तम' की अवधारणा पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि बच्चों को क्या बताया जाए, क्योंकि दो छोटे, मासूम बच्चों के साथ सीता को घर से निकाल दिया गया।
पूछा-क्या मैं हिंदू नहीं हूं?
अपनी आस्था का जिक्र करते हुए आजाद ने कहा कि वे कामाख्या जाते हैं और मां काली की पूजा करते हैं। उनके अनुसार, उनके पिता दुर्गा के भक्त थे, जबकि वे स्वयं काली के उपासक हैं। उन्होंने कालीघाट, दक्षिण काली और दिल्ली के गोल मार्केट स्थित काली मंदिर में दर्शन का उल्लेख करते हुए पूछा, 'क्या इसका मतलब यह है कि मैं हिंदू नहीं हूं? यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के दिसंबर में राम मंदिर जाने की चर्चा है। यह दौरा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रस्तावित है। ऐसे में राम मंदिर और आस्था का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।
