देश

West Bengal: 'बाबरी' ने बढ़ाई बंगाल की सियासत में गर्मी; शुभेंदु बोले- हुमायूं कबीर जिन्ना की भाषा बोल रहे

पश्चिम बंगाल राजनीति में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर के हालिया बयान और गतिविधि को जिन्ना की भाषा करार दिया है।

Image

भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी

Photo : BCCL

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर की बयानबाजी को ‘मुहम्मद अली जिन्ना की भाषा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बंगाली हिंदुओं के लिए सीधी चुनौती है। अधिकारी की यह टिप्पणी मुर्शिदाबाद जिले के रेजिनगर में छह दिसंबर को कबीर द्वारा ‘बाबरी मस्जिद’ की शैली की तर्ज पर एक मस्जिद की आधारशिला रखे जाने को लेकर बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच आई है। कबीर की इस पहल पर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।

बाबर भारतीय नहीं, लुटेरा था

भाजपा नेता ने आगे कहा कि बाबर का नामकरण भारत की सभ्यता का अपमान है। बाबर भारतीय नहीं था, वह लुटेरा था… उसने मंदिर तोड़े, धर्मांतरण कराया, खजाना लूटा। उसके नाम पर किसी संरचना को नाम देना किसी भी भारतीय के लिए स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि हमने स्पष्ट रूप से कहा है कि आप अपनी जमीन पर, अपने समुदाय के धन से, कानूनी तौर पर मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारे बनाएं। लेकिन रेजिनगर में जो हुआ वह धार्मिक आस्था नहीं थी। यह राज्य के संरक्षण में कट्टरपंथियों का शक्ति प्रदर्शन था।

हुसैन सुहरावर्दी और मुहम्मद अली जिन्ना की भाषा बोल रहे कबीर

शुभेंदु ने कबीर पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि हुमायूं कबीर अब जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह हुसैन सुहरावर्दी और मुहम्मद अली जिन्ना की भाषा से अलग नहीं है। यह एक चुनौती है, एक युद्धघोष है, यह सह-अस्तित्व की भाषा नहीं है। भाजपा नेता ने कार्यक्रम के दौरान भारी पुलिस तैनाती का जिक्र करते हुए शासन पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि जब किसी महाविद्यालय में सरस्वती पूजा होती है, तो छात्रों को उच्च न्यायालय जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। जब मैं भवानीपुर में होलिका दहन करता हूं, तो अदालत के आदेश के तहत। यह रात नौ बजे के बाद एक गली के अंदर होना चाहिए। यहां तक कि देवी काली की प्रतिमाओं को भी जेल की गाड़ियों में रखा जाता है। लेकिन यहां बिना अनुमति के, पुलिस के समर्थन से लाउडस्पीकर, लाखों लोगों की भीड़ और चंदा इकट्ठा करने की अनुमति दी गई।

अगर हिंदू एकजुट नहीं हुए तो...

इधर, निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने मुस्लिम मतदाताओं को राजनीतिक रूप से एकजुट होने की अपील की है। उनकी इस अपील पर भी शुभेंदु अधिकारी ने पलटवार किया है कि अगर हिंदू एकजुट नहीं हुए तो भविष्य में कई जगहों का नाम औरंगजेब के नाम पर रखा जाएगा।

टीएमसी भी पीछे नहीं

दूसरी ओर टीएमसी ने भाजपा पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण कराने का आरोप लगाया। राज्य के मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि बंगाल को धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश हो रही है। बंगाल कट्टरता में विश्वास नहीं करता।

कबीर ने ममता पर लगाए गंभीर आरोप

कबीर ने भी टीएमसी और ममता बनर्जी पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में मुस्लिम राजनीतिक प्रतिनिधित्व को व्यवस्थित रूप से कम किया गया। उनका दावा है कि 2011 में 67 मुस्लिम विधायक थे, जो 2016 में घटकर 57 और 2021 में सिर्फ 44 रह गए। उन्होंने 90 अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर प्रतिनिधित्व बढ़ाने की बात कही।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!