शहर

मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा, गणेश प्रतिमा गिरने से 2 की मौत, 5 लोग घायल; दो मासूम बच्चियां भी चपेट में

Mumbai News: मुंबई के भुलेश्वर इलाके में 'भुलेश्वर चा राजा' गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 22 फीट ऊंची प्रतिमा गिरने से मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों की मौत हो गई और दो बच्चियों सहित 5 लोग घायल हो गए।

Image

गणेश प्रतिमा लाते समय हादसा

Photo : ANI

Mumbai News: गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार की रात मुंबई से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है। दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में 'भुलेश्वर चा राजा' की 22 फीट ऊंची विशाल गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस (आगमन सोहला) के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रतिमा को पंडाल की ओर ले जाते समय अचानक वह असंतुलित होकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से गणेश मंडल के अध्यक्ष सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में 5 और 7 साल की दो मासूम बच्चियों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

देर रात 10 बजे हुआ हादसा

न्यूज एजेंसी ANI और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब 10:00 बजे भुलेश्वर के बलराम मर्चेंट रोड पर स्थित कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में घटी। 'भुलेश्वर चा राजा' की भव्य प्रतिमा को भायखला/लालबाग की ओर से भुलेश्वर लाया जा रहा था। जब जुलूस पंडाल से महज 50-60 मीटर की दूरी पर था, तभी लोहे के ट्रॉली फ्रेम का वेल्डिंग अचानक टूटने या असंतुलित होने के कारण 22 फीट ऊंची प्रतिमा सड़क पर गिर गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB), मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

मंडल अध्यक्ष समेत 2 की मौत, घायलों में दो बच्चियां शामिल

हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत पास के जीटी (GT) अस्पताल, जेजे (JJ) अस्पताल और रिलायंस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान संकेत नेवशे (33 वर्ष) और बृजेश हेमंत जोशी (30 वर्ष) के तौर पर हुई है। संकेत 'भुलेश्वर चा राजा' गणेश मंडल के अध्यक्ष थे औक बृजेश मंडल के सक्रिय सदस्य थे।

हादसे में घायल हुए 5 लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। नगर निगम और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। घायलों में वैभव घेनंद (38 वर्ष), पवन चौरसिया (25 वर्ष), लावण्या गनेर (5 वर्ष), दिव्या गनेर (7 वर्ष) और कुणाल काशिद (26 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना के बाद डीबी मार्ग थाना पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रॉली के स्ट्रक्चरल फ्रेम में वेल्डिंग की खराबी और असंतुलन को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article