देश

'बंगाली हिंदुओं की सांस्कृतिक परंपराएं खत्म करने की हुई कोशिश', पूर्ववर्ती TMC और वाम सरकारों पर बरसे सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय तक सत्ता में रहे वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस ने बंगाली हिंदुओं की सांस्कृतिक परंपराओं को खत्म करने की कोशिश की।

Image

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (फाइल फोटो)

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय तक सत्ता में रहे वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस ने बंगाली हिंदुओं की सांस्कृतिक परंपराओं को खत्म करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार बंगाली हिंदुओं से जुड़ी 'विरासत और परंपराओं' को फिर से बहाल करने की कोशिश कर रही है।

TMC-वाम पर बरसे सुवेंदु

सुवेंदु ने केस्टोपुर में गणेश पूजा का उद्घाटन करने के बाद कहा कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान को कमजोर करने की कोशिश लगभग पांच दशकों से जारी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में 34 साल के वाम मोर्चा शासन और 15 साल के तृणमूल कांग्रेस शासन का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने जेल में बंद बांग्लादेशी हिंदू संत चिन्मय कृष्ण दास प्रभु की दयनीय स्थिति का भी उल्लेख किया, जो मीडिया में प्रकाशित नवीनतम तस्वीरों से इंगित होता है। संबंधित तस्वीरों में चिन्मय कृष्ण दास प्रभु अपनी मां के पार्थिव शरीर के पास दुखी हालत में दिखते हैं।

सुवेंदु ने कहा, ''चिन्मय प्रभु के आंसुओं ने दुनिया भर के 'सनातनियों' को झकझोर दिया है।'' उनका यह बयान तृणमूल कांग्रेस द्वारा शुक्रवार को बांग्लादेशी हिंदू संत की दुर्दशा पर कथित तौर पर चुप्पी साधे रखने के लिए भाजपा की आलोचना किए जाने के एक दिन बाद आया है। सुवेंदु ने बंटवारे के समय पूर्वी पाकिस्तान के लोगों की दुर्दशा का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वामपंथी शासन के दौरान पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों, धार्मिक ग्रंथों और त्योहारों को ''जानबूझकर हाशिए पर धकेल दिया गया''। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान पूजा पंडालों में वामपंथी नेताओं-कार्ल मार्क्स और लेनिन की किताबें तो मिल जाती थीं, लेकिन स्वामी विवेकानंद, स्वामी प्रणवानंद और रामकृष्ण मिशन से जुड़ी रचनाएं वहां नहीं होती थीं।

सुवेंदु ने TMC पर लगाए गंभीर आरोप

सुवेंदु ने आरोप लगाया, ''जिन लोगों ने 34 साल तक पश्चिम बंगाल पर शासन किया, वे नहीं चाहते थे कि हम अपनी धार्मिक परंपराओं, धर्मग्रंथों और रीति-रिवाजों के बारे में लिखें या उनका पालन करें।'' उन्होंने दावा किया कि तृणमूल सरकार के 15 साल के शासन के दौरान धर्म, भाषा और त्योहारों के नाम पर लोगों के बीच 'फूट डालने' की कोशिश की गईं।

सुवेंदु ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिए बिना कहा कि पूर्व में मुहर्रम की वजह से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर रोक लगा दी गई थी। उन्होंने कहा, ''दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान पंचांग में जो कुछ भी लिखा है, उसका पालन किया जाएगा।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''हम दुर्गा पूजा से जुड़े पारंपरिक पंचांग और रीति-रिवाजों का अनुपालन करने की कोशिश कर रहे हैं।'' उन्होंने लोगों से अपनी पहचान, धर्म, विरासत और परंपराओं को बनाए रखने के लिए एकजुट रहने की अपील की।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article