देश

सेना के ठिकाने से किसने चुराए थे हथियार? पूर्व हवलदार के घर से AK-203 समेत भारी गोला-बारूद बरामद

Telangana Army Arms Theft: तेलंगाना में सेना के ठिकाने से हथियारों की चोरी मामले में पुलिस ने एक पूर्व हवलदार को गिरफ्तार किया है। साथ ही, पूर्व हवलदार के घर से चोरी हुए हथियार बरामद किए गए हैं।

Image

सेना के ठिकाने से चोरी हुए हथियारों को पुलिस ने किया बरामद

Photo : ANI

Telangana Army Arms Theft: तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (DGP) सीवी आनंद ने कहा कि पिछले महीने हैदराबाद में सेना के एक ठिकाने से एके-203 राइफल और गोला-बारूद समेत अन्य हथियारों की चोरी के मामले में शुक्रवार को राज्य के नागरकुर्नूल जिला निवासी पूर्व हवलदार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूर्व हवलदार के घर से हथियार बरामद

डीजीपी ने संवाददाताओं को बताया कि मद्रास रेजिमेंट की 20वीं बटालियन के हवलदार 37 वर्षीय उप्पुथल्ला मल्लेश को अनुशासनहीनता और खराब सेहत की वजह से इस साल जून में समय से पहले सेवानिवृत्त कर दिया गया था। चोरी की यह घटना 30 और 31 अगस्त की दरमियानी रात को हुई थी और इस मामले में मल्लेश अकेला आरोपी है। आनंद ने बताया कि चोरी हुए हथियार और गोला-बारूद उसके घर से सही-सलामत बरामद कर लिए गए।

हवलदार ने क्यों चुराए थे हथियार?

डीजीपी ने कहा, ''हम अब भी चोरी के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।'' उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि चोरी की वजह नौकरी से समय पूर्व सेवानिवृत्ति रही होगी। पुलिस ने चार एके-203 राइफल, एक इंसास राइफल और सात पिस्तौल और उनकी मैगजीन बरामद की है। इसके अलावा, एक 'नाइट-विजन' दूरबीन, 9 मिमी के 1,156 कारतूस और एके-203 के 720 कारतूस भी बरामद किये गए।

आनंद ने बताया कि आरोपी को नागरकुर्नूल जिले के अचमपेट में उसके घर से पकड़ा गया, जहां चोरी के हथियार और गोला-बारूद रखे गए थे। डीजीपी ने बताया कि उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और स्थानीय अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। साल 2010 में भारतीय सेना में शामिल हुए मल्लेश ने इस साल 30 जून को सेवानिवृत्त होने से पहले 16 साल तक सेवा दी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article