West Bengal Assembly Elections 2026 Date and Full Schedules: पश्चिम बंगाल, असम सहित चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर तारीखों का एलान चुनाव आयोग ने कर दिया है। इनमें पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी शामिल हैं। चुनाव आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एलान किया कि पश्चिम बंगाल दो चरणों में चुनाव होगा। पहला चरण 23 अप्रैल को तो 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग होगी। वहीं वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित होंगे। इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। बता दें कि इन राज्यों में से चार में एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है, जबकि असम में तकनीकी कारणों के चलते SR या समरी रिवीजन हुआ है।
ये तारीखें हैं बेहद अहम
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे और सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 148 सीटों का बहुमत हासिल करना होगा।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण की अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी, जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी की जाएगी। पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 9 अप्रैल तय की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल और 10 अप्रैल को की जाएगी। उम्मीदवार पहले चरण के लिए 9 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 13 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान की बात करें तो पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। दोनों चरणों के मतदान के बाद 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
2021 में कब हुआ था चुनाव कार्यक्रम का एलान,कब हुई मतगणना?
साल 2021 में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा 26 फरवरी 2021 को की गई थी। उस दिन नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ने पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले चुनावों की तारीखों और चरणबद्ध मतदान की पूरी रूपरेखा साझा की थी।इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तय कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग चरणों में मतदान कराया गया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 2 मई 2021 को वोटों की गिनती की गई और उसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित किए गए।
2021 में बंगाल में आठ चरणों में हुआ था चुनाव
2021 में हुए विधानसभा चुनाव कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग चरणों में कराए गए थे। इनमें सबसे अधिक चरणों में मतदान पश्चिम बंगाल में हुआ, जहां कुल 8 चरणों में चुनाव आयोजित किए गए। राज्य में मतदान 27 मार्च से शुरू होकर 29 अप्रैल तक चला। चुनाव आयोग ने राज्यों की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन चुनावों का चरणबद्ध कार्यक्रम तय किया था।
पश्चिम बंगाल में अभी किसकी है सरकार
पश्चिम बंगाल में इस समय ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सरकार है और वही राज्य की मुख्यमंत्री हैं। 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 7 मई को समाप्त होने वाला है।
2021 में कैसे रहे थे नतीजे
साल 2021 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने भारी बहुमत के साथ 213 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं भारतीय जनता पार्टी को 77 सीटें मिली थीं। इसके अलावा दार्जिलिंग जिले की कालिम्पोंग सीट से निर्दलीय उम्मीदवार रुदेन सदा लेप्चा और दक्षिण 24 परगना जिले की भांगर सीट से इंडियन सेक्युलर फ्रंट के मोहम्मद नौशाद सिद्दीकी विजयी रहे थे। उस चुनाव में कांग्रेस और वाम दलों को कोई सीट नहीं मिल सकी थी।
