देश

गाजा युद्ध खत्म कराने की ट्रंप की योजना का पीएम मोदी ने किया स्वागत, सभी देशों से की पहल के लिए एकजुट होने की अपील

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि वे गाजा में युद्ध विराम करने की योजना पर सहमत हैं लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि हमास इन शर्तों को स्वीकार करेगा या नहीं।

Image

पीएम मोदी ने किया गाजा युद्ध खत्म करने की पहल का स्वागत (AP)

PM Modi Welcomes Trump Move on Gaza Conflict: गाजा युद्ध खत्म कराने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना का पीएम मोदी ने स्वागत किया है। पीएम मोदी ने इसे फिलिस्तीन और इजराइल के लोगों के लिए जरूरी बताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, हम राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप द्वारा गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक व्यापक योजना की घोषणा का स्वागत करते हैं। यह फिलिस्तीनी और इजराइली लोगों के साथ-साथ व्यापक पश्चिम एशियाई क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक और स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास का एक व्यवहार्य मार्ग प्रदान करता है। हमें उम्मीद है कि सभी संबंधित पक्ष राष्ट्रपति ट्रंप की पहल के पीछे एकजुट होंगे और संघर्ष को समाप्त करने और शांति सुनिश्चित करने के इस प्रयास का समर्थन करेंगे।

ट्रंप-नेतन्याहू गाजा युद्ध रोकने की योजना पर सहमत

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि वे गाजा में युद्ध विराम करने की योजना पर सहमत हैं लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि हमास इन शर्तों को स्वीकार करेगा या नहीं। ट्रंप ने सोमवार को इजराइल-हमास युद्ध को समाप्त करने और युद्धग्रस्त फलस्तीन क्षेत्र में युद्धोत्तर शासन स्थापित करने के लिए एक 20-सूत्रीय योजना पेश की। ट्रंप की योजना के तहत एक अस्थायी शासी बोर्ड की स्थापना की जाएगी जिसके अध्यक्ष ट्रंप होंगे। इस बोर्ड में पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर भी शामिल होंगे।

दोनों पक्षों के स्वीकार करते ही तुरंत युद्ध होगा खत्म

योजना के अनुसार अगर दोनों पक्ष इसे स्वीकार करते हैं तो युद्ध तुरंत समाप्त हो जाना चाहिए। इसमें यह भी कहा गया है कि इजराइल द्वारा योजना स्वीकार किए जाने के 72 घंटों के भीतर सभी शेष बंधकों को रिहा कर दिया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि यदि हमास प्रस्तावित शांति समझौते को स्वीकार नहीं करता है तो उसे (हमास) हराने के लिए इजराइल को अमेरिका का "पूर्ण समर्थन" प्राप्त होगा।

हमास नहीं माना तो इजराइल करेगा कार्रवाई

ट्रंप ने कहा कि अगर हमास प्रस्तावित शांति समझौते को स्वीकार नहीं करता है, तो हमास को हराने के लिए कदम उठाने के लिए इजरायल को संयुक्त राज्य अमेरिका का पूरा समर्थन हासिल होगा। नेतन्याहू के साथ एक संवाददाता सम्मेलन की शुरुआत में ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि हम बहुत करीब पहुंच गए हैं। हम अभी पूरी तरह से समाप्त नहीं हुए हैं। हमें हमास को हराना होगा। नेतन्याहू ने कहा, अगर हमास आपकी योजना को अस्वीकार कर देता है, राष्ट्रपति महोदय, या अगर वे कथित तौर पर इसे स्वीकार कर लेते हैं और फिर इसका विरोध करने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं, तो इजराइल खुद ही यह काम पूरा कर लेगा। यह आसान तरीके से किया जा सकता है या कठिन तरीके से, लेकिन यह किया जाएगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने फिलिस्तीनी लोगों से अपने भाग्य की जिम्मेदारी लेने और उनके शांति प्रस्ताव को स्वीकार करने का आग्रह किया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article