Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले ही विपक्षी दलों के इंडी गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी ने शनिवार को एक बार फिर साफ कर दिया कि वह विपक्षी दलों के एलांयस का हिस्सा नहीं है, लेकिन हम अभी तक विपक्ष के सभी मुद्दे उठाते आए हैं। हम विपक्ष दलों के साथ समन्वय करते आए हैं, पर हम इंडी गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं।
AAP ने रखा अपना पक्ष
आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी विपक्ष के प्रमुख मुद्दों को समर्थन देती आई है, लेकिन यह औपचारिक रूप से अब इंडी गठबंधन का हिस्सा नहीं है। उनका यह बयान AAP सांसद संजय सिंह की उस टिप्पणी के बाद आया जिसमें उन्होंने कहा था कि लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद उनकी पार्टी इंडी गठबंधन का हिस्सा नहीं रही है।
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में सौरभ भारद्वाज ने इस बात पर जोर दिया कि भले ही पार्टी अन्य विपक्षी दलों के साथ समन्वय कर रही है, लेकिन उनकी पार्टी अब इंडी गठबंधन का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा, ''हम विपक्ष के सभी मुद्दे उठाते हैं, लेकिन हम गठबंधन में नहीं हैं। जब हमने लोकसभा चुनाव लड़ा था तब हमने सीटों का बंटवारा किया था। उसके बाद दिल्ली चुनाव हुए, जिसमें हमने सीट बंटवारा नहीं किया। अबतक हम विपक्ष के सभी मुद्दे उठाते हैं। हम सभी विपक्षी दलों के साथ समन्वय करते हैं चाहे तृणमूल कांग्रेस हो, सपा हो या अन्य दल हों, लेकिन हम इंडी गठबंधन में नहीं हैं।''
कब से शुरू हो रहा मानसून सत्र?
सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी इंडी गठबंधन के घटक दलों के बीच तीखी नोकझोंक होने की संभावना है। सरकार और विपक्ष के बीच संभावित टकराव के बिंदुओं में इस वर्ष के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मामला भी शामिल होगा।
सनद रहे कि AAP और कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सात सीटों को लेकर गठबंधन किया था। इसके बाद दोनों पार्टियों के बीच हरियाणा और दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बात नहीं बनी थी जिसके बाद दोनों अकेले चुनाव लड़ा और बुरी तरह परास्त हो गए।
