देश

पंजाब में AAP को लगा झटका, खरड़ विधायक अनमोल गगन मान ने दिया इस्तीफा; कहा- मेरा दिल हो रहा भारी

पंजाब में आम आदमी पार्टी को शनिवार को बड़ा झटका लगा। खरड़ विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि मेरा दिल भारी हो रहा है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। अनमोल गगन मान ने पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान को अपना इस्तीफा भेजा है।

Image

AAP विधायक अनमोल गगन मान ने दिया इस्तीफा (फोटो साभार: @AnmolGaganMann)

Photo : Twitter

पंजाब में आम आदमी पार्टी को शनिवार को बड़ा झटका लगा। खरड़ विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि मेरा दिल भारी हो रहा है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। अनमोल गगन मान ने पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान को अपना इस्तीफा भेजा है।

खरड़ विधायक ने क्या कुछ कहा?

अनमोल गगन मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मेरा दिल भारी हो रहा है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से स्पीकर को दिया गया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।''

AAP सूत्रों ने दावा किया कि मान ने कुछ दिन पहले ही इस्तीफा दे दिया था लेकिन 'आप' ने उन्हें उनके फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए मनाने की कोशिश की थी। जब मुख्यमंत्री भगवंत मान से अनमोल गगन मान के इस्तीफे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी-अभी इसकी जानकारी मिली है और वह इस मामले पर पार्टी की बैठक करेंगे।

AAP की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने अनमोल गगन मान को उनकी ''छोटी बहन की तरह'' करार दिया और कहा कि वह इस मुद्दे पर उनसे चर्चा करेंगे। मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा, ''हम एक टीम के रूप में काम करते हैं... हम साथ बैठते हैं और हम सहकर्मी हैं। वह मेरी छोटी बहन की तरह है।''

मान ने इस सप्ताह की शुरुआत में 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी और 'एक्स' पर एक पोस्ट में इस बारे में जानकारी देते हुए कहा था, ''हमारे राष्ट्रीय संयोजक जी के साथ विभिन्न प्रमुख मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। समाज के उत्थान का उनका सपना हमें हमेशा साहस और प्रेरणा से भर देता है।''

मान जुलाई 2022 में भगवंत मान सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान मंत्री बनी थीं। वह उन पांच विधायकों में शामिल थीं जिन्हें मंत्रिमंडल में जगह दी गई थी। वह उस समय मान सरकार के मंत्रिमंडल में मंत्री बनने वाली दूसरी महिला थीं। उन्हें 'आप' सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति, निवेश प्रोत्साहन, श्रम एवं आतिथ्य विभाग का जिम्मा सौंपा गया था।

भगवंत मान सरकार ने सितंबर 2024 में मान सहित चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटा दिया था। उन्होंने पंजाब में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में खरड़ सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार रंजीत सिंह गिल को 37,885 मतों के अंतर से हराया था।

गिल ने खरड़ सीट से दो बार चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें दोनों बार हार का सामना करना पड़ा था। वह एक समय में शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के करीबी माने जाते थे, हालांकि उन्होंने भी शुक्रवार को शिअद से नाता तोड़ लिया था। रियल एस्टेट कारोबारी गिल ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि वह इसके बाद क्या करेंगे।

मानसा जिले की रहने वालीं मान जुलाई 2020 में 'आप' में शामिल हुई थीं। मान द्वारा 2022 में दिए गए चुनावी हलफनामे के अनुसार वह सिर्फ 12वीं कक्षा तक पढ़़ी हैं। मान ने राजनीति में कदम रखने से पहले पंजाबी संगीत जगत में अपना नाम बनाया था। उन्होंने 'सूट', 'घेंट पर्पस', 'शेरनी', 'जमंतन', 'गोल्डन गर्ल', 'रॉयल जट्टी', 'रेड फुलकारी' और 'वेली' जैसे कई गाने गाए हैं।

मान बाद में 'आप' की युवा शाखा की सह-अध्यक्ष बनी थीं। वह पार्टी के विरोध कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल हुई थीं तथा विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज उठाई थी।

अनमोल गगन मान ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कहा था कि अगर 'आप' सत्ता में आती है तो सरकार हर फसल पर ''पांच मिनट के अंदर'' न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देगी। विपक्षी नेता उनके इस वीडियो इस्तेमाल 'आप' पर निशाना साधने के लिए करते हैं क्योंकि वह अपना वादा पूरा करने में विफल रही।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article