Putin India Visit : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन करीब चार साल के बाद भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। पुतिन की यह यात्रा दो दिन की है। विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति के मुताबिक रूसी राष्ट्रपति का विमान गुरुवार शाम 4 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। विदेश मंत्रालय ने पुतिन के दो दिन के कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी है। पुतिन भारत में 26 घंटे रहेंगे और उनका यह दौरा काफी व्यस्त है। उनकी इस हाई-प्रोफाइल यात्रा को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है। SWAT टीम सहित कई सुरक्षा एजेंसियां पुतिन की सुरक्षा में तैनात रहेंगी। रूसी राष्ट्रपति दिल्ली के जिस होटल में रहेंगे वहां कई स्तर का सुरक्षा तैयार किया गया है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक पुतिन का भारत दौरा इस प्रकार है-
गुरुवार, 4 दिसंबर 2025
6 बजकर 35 मिनट
दिल्ली में आगमन
स्थान-पालम एयरपोर्ट
शुक्रवार, 5 दिसंबर 2025
सुबह 11 बजे : राजकीय सम्मान
स्थान-राष्ट्रपति भवन
दिन के 11.30 बजे
श्रद्धांजलि समारोह
स्थान-राजघाट
दिन के 11.50 बजे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात
स्थान-हैदराबाद हाउस
दिन 1: 50 बजे
संवाददाता सम्मेलन
स्थान-हैदराबाद हाउस
दोपहर बाद 3: 40 बजे
बिजनेस इवेंट
स्थान-टीबीसी
शाम 7 बजे
राष्ट्रपति के साथ मुलाकात
स्थान-राष्ट्रपति भवन
रात 9 बजे
दिल्ली से प्रस्थान
चार साल बाद नई दिल्ली आ रहे पुतिन
भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के 25वें वर्ष पूरे होने के मौके पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 23वें द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत दौरे पर आ रहे हैं। वे 4 दिसंबर 2025 की शाम को नई दिल्ली पहुंच जाएंगे। चार साल बाद हो रहे पुतिन के दौरे के लिए प्रधानमंत्री मोदी भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे। उन्होंने खुद पुतिन के लिए रात्रिभोज का इंतजाम किया है।
पीएम मोदी संग डिनर करेंगे रूसी राष्ट्रपति
पुतिन के आगमन के कुछ घंटे बाद ही करीब सात बजे पीएम मोदी 7 लोक कल्याण मार्ग (7 एलकेएम) स्थित अपने आधिकारिक आवास में उनके सम्मान में निजी डिनर का आयोजन करेंगे। यह डिनर द्विपक्षीय रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से रखा गया है, खासकर ऐसे समय में जब अमेरिका के साथ भारत के संबंधों में खटास बढ़ी है।
पांच दिसंबर को तीनों सेनाएं देंगी गार्ड ऑफ ऑनर
इसके बाद अगले दिन यानी पांच दिसंबर को सुबह करीब नौ बजे राष्ट्रपति पुतिन का राजकीय दौरा राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत से शुरू होगा। इस दौरान तीनों सेनाओं के जवान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देंगे।
वार्ता के बाद कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना
- रूस में भारतीय श्रमिकों की आवाजाही को आसान बनाना।
- रक्षा सहयोग के व्यापक ढांचे के तहत सैन्य सहायता।
- फार्मा, कृषि, खाद्य उत्पादों और उपभोक्ता वस्तुओं के निर्यात में वृद्धि।
- उर्वरक क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना, जिसमें रूस सालाना 30–40 लाख टन उर्वरक भारत को आपूर्ति करता है।
- भारत-रूस मुक्त व्यापार समझौते पर चर्चा, विशेष रूप से यूरेशियन आर्थिक संघ के साथ।
- असैन्य परमाणु ऊर्जा में सहयोग बढ़ेगा
रूसी मंत्रिमंडल ने चार-पांच दिसंबर को होने वाली राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के दौरान असैन्य परमाणु ऊर्जा में द्विपक्षीय सहयोग को प्रगाढ़ बनाने के लिए एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर को मंजूरी दे दी है। स्थानीय मीडिया में आईं खबरों के अनुसार, रूस की सरकारी परमाणु ऊर्जा कंपनी ‘रोसएटम’ को रूसी सरकार की ओर से इस सहमति पत्र पर भारत के संबंधित अधिकारियों के साथ हस्ताक्षर करने के लिए अधिकृत किया गया है। यह कंपनी तमिलनाडु में कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा परियोजना के तहत कई रिएक्टर का निर्माण कर रही है।
राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा से पहले बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। पुलिस ने कहा कि सुरक्षा मानकों के कारण उनके ठहरने के स्थान के बारे में जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि पुतिन के आगमन से लेकर प्रस्थान तक हर गतिविधि पर संयुक्त रूप से काम कर रहीं कई सुरक्षा इकाइयां नजर बनाए रखेंगी। अधिकारी ने कहा, “मिनट दर मिनट समन्वय जारी है, और सभी संबंधित एजेंसियों को पूरे समय अधिकतम सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। कड़ी निगरानी के लिए 5,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।”
