अनुराग कश्यप, तापसी पन्नू और विकास बहल के आवासों पर इनकम टैक्‍स का छापा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 3, 2021, 01:51 PM IST

फिल्‍म निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्‍यप के प्रोडक्‍शन हाउस फैंटम फिल्‍म्‍स को लेकर आयकर विभाग ने कई फिल्‍मी हस्तियों के आवास पर छापेमारी की है।

मुंबई: आयकर विभाग ने बुधवार को बॉलीवुड फिल्मकार अनुराग कश्यप के प्रोडक्शन हाउस फैंटम फिल्म्स के सिलसिले में कई जगह छापेमारी की। आयकर विभाग के अधिकारियों ने अनुराग कश्यप के साथ-साथ अभिनेत्री तापसी पन्‍नी और फिल्‍मकार विकास बहल के आवासों पर भी छापा मारा। मुंबई में कई ठिकानों पर भी इनकम टैक्‍स डिपार्टमेंट ने छापेमारी की।

इन हस्तियों के आवासों के अतिरिक्‍त इनकम टैक्‍स विभाग की टीम मुंबई और पुणे में 20 अन्य स्थानों पर भी छापेमारी कर रही है। आयकर विभाग ने छापेमारी की वजह कथित कर चोरी को बताया है। फिल्म निर्माता मधु मंटेना वर्मा भी आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं, जो एक टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी चलाते हैं।

तापसी ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर घोषणा की थी कि वह कश्यप की आगामी थ्रिलर फिल्‍म 'दोबारा' में 'थप्पड़' के को-एक्‍टर पावेल गुलाटी के साथ फिर से काम करने जा रही हैं। 33 वर्षीया अभिनेत्री ने 28 फरवरी को 'थप्पड़' के एक साल पूरे होने के अवसर पर फिल्‍मी सीन से जुड़ी एक तस्‍वीर पोस्‍ट करते हुए इसकी घोषणा की थी।

'दोबारा' अनुराग कश्‍यप के साथ तापसू पन्‍नू की तीसरी फिल्‍म होगी। इससे पहले दोनों 2018 की हिट फिल्‍म 'मनमर्जियां' और 'सांड की आंख' में साथ काम कर चुके हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!