Hathras Gangrape Case : राहुल गांधी- प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं पर एफआईआर दर्ज,

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 1, 2020, 10:21 PM IST

Hathras Gangrape Case Latest news: हाथरस में हुए गैंगरेप के मामले में सियासत जमकर जारी है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भगवा चोला पहन कर कोई धर्म का ठेकेदार नहीं बन जाता।

नई दिल्ली: हाथरस गैंगरेप केस को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी हाथरस के दौरे पर थीं। लेकिन गौतमुबुद्धनगर में ही दोनों लोगों को रोक दिया गया। इन दोनों नेताओं ने जब आगे बढ़ने की कोशिश की तो दोनों लोगों को हिरासत में लिया गया हालांकि अब  उन्हें छोड़ दिया गया है। राहुल और प्रियंका गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। लेकिन कांग्रेस ने आरोप लगाया कि योगी सरकार के आदेश पर जिला प्रशासन ने लोकतांत्रिक आवाज का गला घोंट दिया। हाथरस की सियासी यात्रा का असर भी दिखाई दे रहा है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस प्रशासन की तरफ से राहुल और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। 

एक नजर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

-  कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि  भगवा चोला पहनने से कोई धर्म का ठेकेदार नही बन जाता। धर्म ‘न्याय’ है। धर्म ‘नीति’ है। धर्म ‘साफ़ नियत और इंसाफ़’ है। धर्म के झूठे ठेकेदारों को इस्तीफ़ा देना चाहिए। इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि योगी सरकार अधर्मी है। खुद को ‘योगी’ कहने वाले अजय बिष्ट ने भारत के हिन्दू रीति रिवाज को भी ठुकरा दिया। विधि विधान के विपरीत, सूर्यास्त के बाद अंतिम संस्कार किया गया। ये हत्या है, हमारी सभ्यता की, संस्कार की और धर्म की। अब राहुल जी व प्रियंका जी को रोक अहंकारी चेहरा उजागर हुआ।

यूपी पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को यमुना एक्सप्रेस वे पर रोक दिया है और उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। यूपी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हाथरस प्रशासन से रिपोर्ट मिली है कि इन दोनों के जाने से वहां कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है इसलिए आगे नहीं जाने दिया जा रहा है।

- राहुल बोले- 'अभी पुलिस वालों ने मुझे धकेल के लाठी मारकर गिराया ठीक है, मैं कुछ नहीं कह रहा हूं, कोई प्रॉब्लम नहीं। इस हिंदुस्तान में क्या RSS और BJP के लोग ही चल सकते हैं? क्या आम आदमी नहीं चल सकता? क्या इस देश में नरेंद्र मोदी ही पैदल जा सकते हैं?' राहुल गांधी ने पैदल मार्च के दौरान कहा कि मैं हाथरस की पीड़िता से जाकर मिलकर रहूंगा और मुझे वहां जाने से कोई नहीं रोक सकता है। राहुल ने कहा कि अगर वहां धारा 144 लगी है तो मुझे वहां अकेले जाने की इजाजत दी जाए। 

- महिलाओं की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी योगी सरकार को लेनी होगी, जिस तरह से प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहें, ये बंद होने चाहिए। हर रोज उत्तर प्रदेश में 11 रेप हो रहे हैं। पिछले साल इस समय के दौरान उन्नाव केस हुआ था। यूपी की सरकार संवेदनहीन है लड़कियों पर अत्याचार हो रहा है: प्रियंका गांधी

- हाथरस के लिए रवाना हुए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के काफिले को यमुना एक्सप्रेस वे पर रोक दिया गया है। काफिला रोके जाने के बाद राहुल और प्रियंका गांधी पैदल ही जा रहे हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हैं। मीडिया ने जब उनसे सवाल पूछा तो उन्होंने जवाब देने से इंकार कर दिया।

- यूपी को दिल्ली से जोड़ने वाले डीएनडी पर भारी पुलिसबल तैनात हैं और बॉर्डर सील किया हुआ है। इस बीच भारी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता डीएनडी पर मौजूद हैं लेकिन उन्हें आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, रणदीप सुरजेवाला, अधीर रंजन चौधरी, केसी वेणुगोपाल, इमरान प्रतापगढ़ी समेत तमाम नेता यहां मौजूद रहे। इसके बाद राहुल और प्रियंका ने फिलहाल बॉर्डर पार कर लिया है लेकिन अब देखने वाली बात होगी कि राहुल और प्रियंका हाथरस पहुंच पाते हैं या नहीं।

- यूपी कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह बोले- यूपी में आकर आप (कांग्रेस नेता) अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। कानून को हाथ में लेकर वो कानून व्यवस्था खराब न करें इसके लिए सरकार ने जिलाधिकारी और जिला प्रशासन को सख़्त से सख़्त आदेश दिए हुए हैं। राजस्थान के अंदर जाने का शौक उनको (कांग्रेस नेता) नहीं पड़ा है। आप वहां जाइए जहां आपकी सरकार है। क्या हो रहा है वहां पर इसका जवाब देंगे प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी या शांत बैठे रहेंगे। 

- हम पिछले कुछ महीनों से देख रहे थे कि यूपी CM योगी आदित्यनाथ दूसरों को सलाह दे रहे थे। मेरी उनसे एक ही गुज़ारिश है कि वे अपने राज्य में देखे और यूपी में जो 'जंगल राज' है उसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाना चाहिए: यूपी में बलात्कार की घटनाओं पर महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख

- इन वहशी दरिंदों को भरपूर सजा मिलेगी। योगी आदित्यनाथ जी ने ऐसे गुनहगारों को उनके गुनाहों की सजा देने की पूरी व्यवस्था की है। जो भी जांच अजेंसियां हैं वो काम कर रही हैं: केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी

- बसपा प्रमुख मायावती ने हाथरस मामले पर बयान देते हुए कहा, 'हाथरस की घटना के बाद, मुझे उम्मीद थी कि यूपी सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। लेकिन बलरामपुर में एक दलित छात्र के साथ ऐसा ही अपराध किया गया है। बीजेपी की यूपी सरकार में अपराधियों, माफियाओं और बलात्कारियों को मुक्त संरक्षण मिल रहा है।'

- हाथरस एसपी विक्रांत वीर ने बताया, 'एसआईटी (विशेष जांच दल) कल जिले में आया था। उन्होंने गांव का दौरा किया था और पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने अपराध स्थल का निरीक्षण भी किया था। टीम अभी भी गाँव में है, परिवार से मिल रही है और आगे की जाँच कर रही है।'

- हाथरस के जिलाधिकारी (डीएम) ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'हाथरस के बॉर्डर सील हैं। जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है, 5 से अधिक लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है। हमें प्रियंका गांधी के दौरे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। एसआईटी आज पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेगी, मीडिया को वहां आने की अनुमति नहीं है।'

End of Article