उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर को उनकी कथित दूसरी शादी को लेकर विवाद के बाद शनिवार को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। भाजपा ने हरिद्वार के ज्वालापुर निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व विधायक राठौर को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के संदर्भ में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। वीडियो में वह सहारनपुर की रहने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर को अपनी दूसरी पत्नी के रूप में पेश करते नजर आ रहे थे।
पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी का दावा
राठौर ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना कथित तौर पर दूसरी शादी की थी जिससे पार्टी को असहजता का सामना करना पड़ा, क्योंकि जनवरी में राज्य की भाजपा सरकार द्वारा लागू किए गए समान नागरिक संहिता में बहुविवाह को अपराध माना गया है। भाजपा द्वारा जारी निष्कासन पत्र में कहा गया,‘‘पार्टी नेतृत्व आपके स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं है। आपने लगातार पार्टी अनुशासन और सामाजिक आचरण के मानदंडों का उल्लंघन किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर आपको पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित किया जा रहा है।’’
राठौर ने पहले खुद किया था शादी का दावा
राठौर ने पहले दावा किया था कि उर्मिला उनकी दूसरी पत्नी हैं, लेकिन बाद में उन्होंने शादी से इनकार करते हुए कहा कि वायरल हो रही तस्वीरें उनकी एक फिल्म का हिस्सा हैं जिसे वे बना रहे हैं। हालांकि, इस विरोधाभास के बाद विवाद और गहरा गया और कांग्रेस ने देरी से प्रतिक्रिया देने के लिए भाजपा की आलोचना की।
