Rampur News: अभिनेत्री और उत्तर प्रदेश के रामपुर से पूर्व सांसद जयाप्रदा को बड़ी राहत मिली है। आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में रामपुर की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को उन्हें बरी कर दिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी साझा की है। ये विवाद लोकसभा चुनाव 2019 से जुड़ा है, जिसमें पिछले लंबे समय से अभिनेत्री मुश्किलों में घिरी हुई थी।
लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान आचार संहिता उल्लंघन का मामला
वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी अमरनाथ तिवारी ने बताया कि जयप्रदा के खिलाफ अप्रैल 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि मामले की सुनवाई स्थानीय सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत में का जा रही थी।
आरोप साबित न होने पर पूर्व सांसद को दोषमुक्त करार दिया गया
अधिकारी ने बताया कि न्यायाधीश शोभित बंसल ने आरोप साबित न होने पर पूर्व सांसद को दोषमुक्त करार दिया। फैसला सुनाए जाने के दौरान जयाप्रदा भी न्यायालय में मौजूद थीं। जयप्रदा ने 2019 आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर रामपुर से चुनाव लड़ा था।
रामपुर के कैमरी थाने में उल्लंघन का मुकदमा किया गया था दर्ज
अभिनेत्री के खिलाफ प्रचार के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में रामपुर के कैमरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। अदालत के फैसले से खुश जयाप्रदा ने संवाददाताओं से कहा कि वह इसके लिये न्यायालय का धन्यवाद देती हैं।
