देश

अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन का इस्तीफ़ा, राष्ट्रपति ने किया मंजूर

अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन का इस्तीफ़ा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है।

Image

जॉर्ज कुरियन (फोटो-ट्विटर)

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल में हुए राज्यसभा चुनावों में उन्हें दोबारा उम्मीदवार न बनाने का फैसला किया था। राष्ट्रपति भवन ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। कुरियन मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री का प्रभार भी संभाल रहे थे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह पर केंद्रीय मंत्रिपरिषद से कुरियन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

कुरियन संभवतः केंद्र सरकार में एकमात्र ऐसे मंत्री थे जो ईसाई समुदाय से आते हैं। जार्ज कुरियन केरल भाजपा के नेता हैं। उनका कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो गया था। भाजपा की ओर से पहले ही संकेत दे दिए गए थे कि उन्हें राज्यसभा नहीं भेजा जाएगा। 24 जून 2026 को उनका मध्य प्रदेश से राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो गया था। संवैधानिक प्रावधान के अनुसार संसद सदस्य न होने के कारण उन्हें पद छोड़ना पड़ा। उनके इस्तीफे को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

कुरियन ने 9 जून 2024 को बतौर केंद्रीय राज्य मंत्री शपथ ली थी। 11 जून को अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय और मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया था। 65 वर्षीय कुरियन भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वे 1980 में पार्टी बनने के वक्त से ही सदस्य रहे हैं। उन्होंने संगठन में कई जिम्मेदारियां निभाईं। बड़ी बात यह है कि उन्होंने केरल में पार्टी के विस्तार के लिए काम किया।

जार्ज कुरियन कोट्टायम के रहने वाले हैं। 2024 में मोदी सरकार 3.0 में उन्हें मंत्री बनाया गया था, जो केरल से पार्टी की ईसाई आउटरीच रणनीति का हिस्सा था। केरल विधानसभा चुनाव 2026 में कंजिराप्पल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में उतरे कुरियन चुनाव हार गए थे। कुरियन केरल भाजपा के वरिष्ठ नेता और ईसाई समुदाय के प्रमुख चेहरे हैं, ऐसे में उनका इस्तीफा देना चर्चा का विषय बना हुआ है। केरल भाजपा के उपाध्यक्ष, प्रवक्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और नेशनल कमीशन फॉर माइनॉरिटीज के बोर्ड सदस्य के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article