देश

'सरकार पूरी मेहनत से कर रही काम...', निर्मला सीतारमण बोलीं- कांग्रेस छात्रों के हित में नहीं, सिर्फ कर रही राजनीति

CJP Protest: पेपर लीक मुद्दे को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस छात्रों के हित में काम नहीं करना चाहती, बल्कि इस मुद्दे पर केवल राजनीति करना चाहती है।

Image

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

Photo : ANI

CJP Protest: पेपर लीक मुद्दे को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार संसद से लेकर सड़क तक चौतरफा घिरी हुई है। एक तरफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का धरना प्रदर्शन जारी है तो दूसरी तरफ कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित तमाम विपक्षी दल शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस बीच, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

पेपर लीक पर क्या बोलीं वित्त मंत्री?

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, ''यह छात्रों से जुड़ा मामला है। सरकार ने पेपर लीक में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के द्वारा इन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उन्हें सजा दिलाई जाएगी। सरकार इस मामले में पूरी गंभीरता और मेहनत के साथ काम कर रही है।''

'सरकार सदन में चर्चा के लिए तैयार'

उन्होंने कहा, ''पेपर लीक होने के बाद जितना संभव हो पाया उतना जल्दी रीएग्जाम कराया गया। उसके परिणाम जल्द आए और बच्चों की आगे की पढ़ाई के लिए व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके बाद, इस मुद्दे पर चर्चा बेहद जरूरी है और सरकार संसद में इस पर चर्चा के लिए तैयार है।''

कांग्रेस ने रखी एक और शर्त

निर्मला सीतारमण ने आरोप लगाया कि पहले विपक्ष ने संसद में चर्चा की मांग की और कहा कि इसके बाद ही हम लोक कल्याण मार्ग से निकलेंगे, लेकिन जब उनकी मांग मान ली गई तो उसके बाद उन्होंने एक और शर्त रख दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीति जारी रखने के लिए संसद की कार्यवाही बाधित कर रही है।

उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार चर्चा के लिए तैयार है, तो संसद को बाधित क्यों किया जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के हित में काम नहीं करना चाहती, बल्कि इस मुद्दे पर केवल राजनीति करना चाहती है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article