देश

PM के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल के लिए कैबिनेट ने प्रधानमंत्री मोदी को दी बधाई, खड़े होकर अभिवादन किया

छब्बीस मई 2014 को प्रचंड जीत के साथ मोदी ने प्रधानमंत्री का पद संभाला था। 2019 में वह और भी बड़े जनादेश के साथ दोबारा निर्वाचित हुए और उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। उनका लगातार तीसरा कार्यकाल 9 जून, 2024 को शुरू हुआ था।

Image

खड़े होकर पीएम मोदी का अभिवादन करता मंत्रिमंडल।

Photo : ANI

PM Modi: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को, निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक अवधि तक देश की सेवा करने के लिए नरेन्द्र मोदी की सराहना की और उन्हें बधाई देने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया। इस अवसर पर हुई बैठक में केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री का खड़े होकर अभिवादन किया। मोदी बुधवार को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए और उन्होंने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

9 जून, 2024 को शुरू हुआ तीसरा कार्यकाल

छब्बीस मई 2014 को प्रचंड जीत के साथ मोदी ने प्रधानमंत्री का पद संभाला था। 2019 में वह और भी बड़े जनादेश के साथ दोबारा निर्वाचित हुए और उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। उनका लगातार तीसरा कार्यकाल 9 जून, 2024 को शुरू हुआ था। प्रधानमंत्री के रूप में मोदी ने अपने कार्यालय में बुधवार को 4,399 दिन पूरे कर लिए। देश के पहले आम चुनाव के बाद पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू लगातार 4,398 दिनों तक पीएम बने रहे।

बिना अवकाश लिए देश की सेवा की-शाह

इस उपलब्धि के लिए पीएम मोदी को देश-विदेश से बधाइयां एवं शुभकामनाएं मिल रही हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने नरेन्द्र मोदी नीत सरकार के 12 साल पूरे होने पर उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को एक साथ साकार होते देखा है। शाह ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने अथक परिश्रम से इन 12 वर्षों में एक भी दिन अवकाश लिए बिना देश और देशवासियों की सेवा की है।

नवीन ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। भाजपा के अनुसार, प्रदर्शनी में 2014 से अब तक सरकार की प्रमुख कल्याणकारी पहलों को रेखांकित किया गया है। इनमें गरीबी उन्मूलन, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण, युवा विकास, अवसंरचना विस्तार, डिजिटल बदलाव और विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य से जुड़े कदमों को प्रदर्शित किया गया है।

महापुरुषों की उपलब्धियों को मिटाना चाहते हैं मोदी-रमेश

कांग्रेस ने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने के नरेन्द्र मोदी के रिकॉर्ड को लेकर बुधवार को दावा किया कि वह भारत पर एक बोझ की तरह हैं क्योंकि वह लोकतंत्र की हत्या के लिए जिम्मेदार हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह आरोप भी लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी भले ही पंडित जवाहरलाल नेहरू के प्रति 'सनक' के चलते कोई खुद का तय मील का पत्थर हासिल कर रहे हों, लेकिन असल में वह पंडित नेहरू, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल और मौलाना अबुल कलाम आजाद जैसे महापुरुषों की उपलब्धियों को मिटाना चाहते हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article