देश

सीमा पार से तस्करी में शामिल दो तस्कर अमृतसर से गिरफ्तार, 4 किलो हेरोइन जब्त

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के अटारी निवासी आकाशदीप सिंह उर्फ टोनी और अमृतसर के बासरके भैणी निवासी पवनबीर सिंह के रूप में हुई। हेरोइन बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने उनका हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त किया, जिसका उपयोग वे खेप पहुंचाने के लिए कर रहे थे।​

Image

सीमा पार से तस्करी में शामिल दो तस्कर अमृतसर से गिरफ्तार

Smugglers Arrested from Amritsar: पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सी आई ) अमृतसर ने दो व्यक्तियों को 4 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर पाकिस्तान से संबंधित सीमा पार नशा तस्करी के मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डी जी पी) गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के अटारी निवासी आकाशदीप सिंह उर्फ टोनी और अमृतसर के बासरके भैणी निवासी पवनबीर सिंह के रूप में हुई। हेरोइन बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने उनका हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त किया, जिसका उपयोग वे खेप पहुंचाने के लिए कर रहे थे।

पाकिस्तान बेस्ड हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे गिरफ्तार आरोपी

डी जी पी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पाकिस्तान आधारित तस्कर राणा किंग, जो सीमा पार से नशे की खेप ड्रोन के माध्यम से भेज रहा है, के निर्देशों पर काम कर रहे थे।

कार्रवाई के विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी आई अमृतसर की टीमों को किसी स्रोत से सीमा क्षेत्र से बड़ी मात्रा में नशा हासिल करने की ठोस जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि तेज़ गति से कार्रवाई करते हुए सी आई अमृतसर की पुलिस टीम ने जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को मनु अस्पताल के पास, छेहरटा-सन्न साहिब रोड, अमृतसर में उस समय घेर लिया, जब वे छेहरटा क्षेत्र में दूसरी पार्टी को खेप पहुंचाने जा रहे थे।

'आने वाले दिनों और गिरफ्तारी होंगे'

डी जी पी ने कहा कि पूरे मॉड्यूल को बेनकाब करने के लिए इस मामले में पिछली और आने वाली संबंधित कड़ियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारी और बरामदगी की संभावना है। इस संबंध में पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एस एस ओ सी), अमृतसर में एन डी पी एस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत एफ आई आर नंबर 53, दिनांक 28-09-2025 दर्ज की गई है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article