Kakoli Ghosh Dastidar : तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को झटके पर झटके लग रहे हैं। पार्षदों के इस्तीफा के बाद अब टीएमसी सांसद काकोली घोष ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। पिछले दिनों ही काकोली ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद बारासात संगठनात्मक जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया। उनका इस्तीफा साफ तौर पर यह संकेत था कि ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस के भीतर आंतरिक कलह काफी बढ़ गया है। इस्तीफे से कुछ दिन पहले ही उन्हें लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक पद से हटाकर कल्याण बनर्जी को जिम्मेदारी दी गई थी।
पार्टी नेतृत्व की प्राथमिकताओं पर उठाए थे सवाल
काकोली ने चुनावी रणनीति और पार्टी नेतृत्व की प्राथमिकताओं पर अप्रत्यक्ष सवाल उठाए थे। उन्होंने ममता बनर्जी से पार्टी को पुराने 'स्ट्रीट पॉलिटिक्स' मॉडल पर वापस ले जाने की अपील की थी। उन्होंने पार्टी के भीतर अपराधीकरण और भ्रष्टाचार को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि इससे जनता में असुरक्षा और अविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि जनता ने TMC को स्वीकार नहीं किया और सीटों की संख्या घटकर 80 होना उनके लिए अस्वीकार्य है।
काकोली घोष ने यह भी कहा कि पिछले एक दशक में ममता बनर्जी तक अपनी चिंताएं पहुंचाना मुश्किल हो गया था क्योंकि वह बेहद व्यस्त रहती थीं।
115 TMC पार्षदों ने दिया इस्तीफा
पश्चिम बंगाल की सात नगरपालिकाओं में लगभग 115 TMC पार्षदों ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। पार्षदों के इस सामूहिक इस्तीफ़े से अब TMC के लिए और मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।नॉर्थ बैरकपुर: 15 तृणमूल पार्षदों का इस्तीफ़ा, जिसमें चेयरपर्सन भी शामिल हैं।डायमंड हार्बर: 16 में से 8 तृणमूल पार्षदों का इस्तीफ़ा।भाटपारा: 30 तृणमूल पार्षदों का इस्तीफा, जिसमें चेयरपर्सन भी शामिल हैं।गरुलिया: 21 में से 10 तृणमूल पार्षदों का इस्तीफ़ा। हालीशहर: एक साथ 16 तृणमूल पार्षदों का इस्तीफ़ा। कांथी: 17 में से 12 तृणमूल पार्षदों का इस्तीफ़ा।
प्रतिनिधियों ने कथित तौर पर दफ्तर आना किया बंद
कई नगर पालिकाओं में पार्षदों ने समूह में इस्तीफा दे दिया है, जबकि कई चुने हुए प्रतिनिधियों ने कथित तौर पर दफ़्तर आना बंद कर दिया है, जिससे नागरिक सेवाओं के वितरण को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। उत्तर 24-परगना ज़िला इस संकट का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। हलीसहर में पिछले हफ़्ते 23 में से 16 पार्षदों ने इस्तीफ़ा दे दिया। इसके एक दिन बाद, भटपारा में 35 में से 30 पार्षदों ने-जिनमें नगर पालिका अध्यक्ष रेबा साहा भी शामिल थीं-इस्तीफ़ा सौंप दिया; इससे यह अटकलें तेज़ हो गई हैं कि जल्द ही चुने हुए बोर्डों की जगह प्रशासक नियुक्त किए जा सकते हैं।
