देश

'अनशन छोड़ें, संसद में उठाएंगे आवाज': 17 दिनों से भूखे बैठे सोनम वांगचुक से शशि थरूर की अपील, सरकार को दी नसीहत

इसके साथ ही शशि थरूर ने केंद्र सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू करना सरकार की कमजोरी नहीं, बल्कि राजनेताओं की दूरदर्शिता और बड़प्पन कहलाएगा।

Image

सोनम वांगचुक से शशि थरूर की अपील

Photo : PTI

NEET परीक्षा विवाद को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन अब एक गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। मशहूर शिक्षाविद और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक पिछले 17 दिनों से अनशन पर हैं और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है। इस बीच, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बुधवार को वांगचुक से अपना अनशन खत्म करने की भावुक अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू करना सरकार की कमजोरी नहीं, बल्कि राजनेताओं की दूरदर्शिता और बड़प्पन कहलाएगा।

शशि थरूर ने लिखा- 'यह मेरी व्यक्तिगत लड़ाई है'

शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आंदोलनकारी छात्रों और सोनम वांगचुक के नाम एक खुला पत्र जारी किया। उन्होंने लिखा:

मिडिल क्लास का दर्द: थरूर ने अपने दिनों को याद करते हुए लिखा, "मैं एक मध्यमवर्गीय परिवार से आता हूं। हमारे जैसे परिवारों के लिए 'योग्यता' (Merit) कोई नारा नहीं, बल्कि आगे बढ़ने का इकलौता जरिया था। जब यह सीढ़ी टूटती है (पेपर लीक होते हैं, परीक्षाएं रद्द होती हैं), तो अमीरों को फर्क नहीं पड़ता, बल्कि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के सपने टूटते हैं।"

संसद में उठेगा मुद्दा: थरूर ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि अगले सोमवार से संसद का सत्र शुरू हो रहा है। लोकतंत्र के इस सबसे बड़े मंच पर छात्रों की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा, इसलिए वांगचुक को अपने जीवन को खतरे में डालने के बजाय अनशन खत्म कर देना चाहिए।

क्या है पूरा मामला और क्यों हो रहा है प्रदर्शन?

  • NEET परीक्षा में हुई कथित धांधली को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) पिछले 25 दिनों से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही है।
  • 28 जून से अनशन पर वांगचुक: सोनम वांगचुक 28 जून को इस आंदोलन में शामिल हुए थे और तब से वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।
  • 8.5 किलो वजन घटा: CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके के मुताबिक, 17 दिनों के अनशन के कारण वांगचुक का करीब 8.5 किलो वजन घट गया है। वे अत्यधिक दर्द और मांसपेशियों के नुकसान (Muscle Loss) का सामना कर रहे हैं।
  • 20 जुलाई को संसद मार्च: प्रदर्शनकारी संगठन ने इस मुद्दे पर 20 जुलाई को संसद मार्च निकालने का भी एलान किया है और 5 सूत्री परीक्षा सुधार चार्टर जारी किया है।

बॉलीवुड और विपक्षी नेताओं का मिला समर्थन

सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए देश के कई बड़े नेता और फिल्मी हस्तियां उनके समर्थन में आ गई हैं:

दिग्गज नेताओं की अपील: तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी वांगचुक से अनशन तोड़ने का अनुरोध किया है।

सिनेमा जगत से आवाज: दिग्गज अभिनेत्री ज़ीनत अमान ने सरकार से तुरंत बातचीत शुरू करने की अपील करते हुए कहा कि भारत को चुपचाप बैठकर अपने एक महान दिमाग को खोते हुए नहीं देखना चाहिए। वहीं फिल्म '3 इडियट्स' में 'चतुर रामलिंगम' का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने भी लोगों से वांगचुक के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की भावुक अपील की है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article