क्रिकेट

मुझे बैटिंग में अलग-अलग भूमिकाएं रोमांचित करती हैं... इंग्लैंड के खिलाफ शानदार पारी के बाद सुंदर का बयान

Washington Sundar Post Match Statement: वॉशिंगटन सुंदर ने कहा कि वह बल्लेबाजी क्रम में किसी भी स्थान पर उतरने के लिए तैयार हैं क्योंकि उन्हें बल्लेबाजी में अलग-अलग भूमिकाएं रोमांचित करती हैं। वॉशिंगटन की खेल के विभिन्न प्रारूपों में भूमिकाएं बदलती रहती हैं।

Image

वॉशिंगटन सुंदर

Photo : AP

IND vs END ODI: भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने कहा कि वह बल्लेबाजी क्रम में किसी भी स्थान पर उतरने के लिए तैयार हैं क्योंकि उन्हें बल्लेबाजी में अलग-अलग भूमिकाएं रोमांचित करती हैं। वॉशिंगटन की खेल के विभिन्न प्रारूपों में भूमिकाएं बदलती रहती हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मंगलवार को यहां खेले गए पहले वनडे मैच में वह पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए और उन्होंने नाबाद 52 रन बनाए। भारत ने यह मैच छह विकेट से जीता।

इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने अक्षर पटेल (नाबाद 57) के साथ 102 रन की अटूट साझेदारी की। कप्तान शुभमन गिल की 80 रन की पारी के बाद इन दोनों ने मिलकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया। वॉशिंगटन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, "मुझे अलग-अलग भूमिकाएं निभाना रोमांचक लगता है। बहुत कम खिलाड़ियों को अलग-अलग भूमिकाएं निभाने का मौका मिलता है। इससे मुझे अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का मौका मिलता है। मैं टीम को जीत दिलाने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करता हूं। खेल की अलग-अलग परिस्थितियों और अलग-अलग चरणों में खेलना रोमांचक होता है।"

वॉशिंगटन ने कहा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एक बल्लेबाज के रूप में उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा के प्रभाव को भी स्वीकार किया। उन्होंने कहा, ’’गौती भाई (गौतम गंभीर) ने हमेशा मुझे बताया कि मैं बल्लेबाजी में क्या खास योगदान दे सकता हूं। उन्होंने मुझे मेरे खेल के बारे में समझाया। गुजरात टाइटंस में आशीष नेहरा ने मुझे एक व्यक्ति के रूप में और एक क्रिकेटर के रूप में खुद को बेहतर ढंग से समझने में बहुत मदद की है।"

वॉशिंगटन ने कहा, "एक ऑलराउंडर के रूप में मुझे लगता है कि हर दिन सुधार करने की कोशिश करना, अपने खेल को समझना और परिस्थिति के अनुसार खेलना बहुत जरूरी है। अधिक मैच खेलने से भी मदद मिलती है। आपको विभिन्न परिस्थितियों का सामना करने का मौका मिलता है। इससे आप समझ पाते हैं कि आप वास्तव में क्या कर सकते हैं। आपको बहुत कुछ सीखने को भी मिलता है।"

तमिलनाडु के इस क्रिकेटर ने कहा कि टीम को ऐसे खिलाड़ियों से बहुत फायदा मिलता है जो बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकते हैं। वॉशिंगटन ने कहा, "मेरे लिए ऑलराउंडर होना बहुत बड़ा सौभाग्य है। मेरा मतलब है कि किसी भी टीम में जितने अधिक ऑलराउंडर होंगे टीम को उतना अधिक फायदा मिलेगा क्योंकि तब आप परिस्थितियों के अनुसार खेल सकते हैं। आपको कभी यह नहीं सोचना चाहिए कि आपके पास विकल्पों की कमी है। हम दुनिया भर में बहुत क्रिकेट खेलते हैं। परिस्थितियां काफी अलग होती हैं। आज का दिन हम सभी के लिए अच्छा रहा।"

वॉशिंगटन ने कप्तान गिल और साथी ऑलराउंडर अक्षर पटेल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "विकेट से गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल रही थी। शुभमन ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और श्रेयस अय्यर के साथ उनकी साझेदारी बहुत महत्वपूर्ण थी। अक्षर ने शानदार बल्लेबाजी की और हर बार महत्वपूर्ण मौके पर चौके लगाए जिससे काम आसान हो गया।"

वॉशिंगटन ने तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ की भी प्रशंसा की, जिन्होंने नौ ओवर में 61 रन देकर बेन डकेट और जैकब बेथेल के विकेट लिए। उन्होंने कहा, "गुरनूर ने शुरू से अपना जज्बा दिखाया है। मैंने उन्हें पिछले कुछ वर्षों में गुजरात टाइटंस में एक साथ खेलते हुए करीब से देखा है। चाहे मैच हो या अभ्यास सत्र, वह हमेशा अपना सब कुछ झोंक देते हैं। इस मैच में जीत में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article