देश

पहली मुलाकात से पहले मैं घबराई हुई थी, इंदिरा ने फ्रेंच में बात कर दूर की झिझक; घर में वह सबकी दादी थीं, सोनिया ने याद किए पुराने दिन

सोनिया गांधी के मुताबिक, जब पहली बार इंदिरा गांधी से मिलने का मौका आया, तो उन्होंने जाने से ही इनकार कर दिया था। अगले दिन उन्होंने अपना मन बदला, लेकिन दिल में जबरदस्त घबराहट थी।

Image

सोनिया ने किया इंदिरा गांधी को याद

Sonia Gandhi: सियासत के गलियारों में 'आयरन लेडी' और देश की ताकतवर प्रधानमंत्री के तौर पर पहचानी जाने वालीं इंदिरा गांधी का एक बेहद निजी, संवेदनशील और पारिवारिक चेहरा भी था। सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इंदिरा गांधी को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने पहली मुलाकात का वह किस्सा सुनाया है जब इंदिरा ने उनकी घबराहट को भांपकर बिना जताए मामला आसान कर दिया था।

पहली मुलाकात में जाने से कर दिया था इनकार

सोनिया गांधी के मुताबिक, जब पहली बार इंदिरा गांधी से मिलने का मौका आया, तो उन्होंने जाने से ही इनकार कर दिया था। अगले दिन उन्होंने अपना मन बदला, लेकिन दिल में जबरदस्त घबराहट थी। उस वक्त उनकी अंग्रेजी भी कमजोर थी। इसी मुश्किल घड़ी में इंदिरा गांधी ने उनसे फ्रेंच भाषा में बात की। सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने इंदिरा के बारे में सबसे पहली बात यही सीखी कि वह समझ जाती थीं कि सामने वाला किस चीज से जूझ रहा है और खामोशी से उसे आसान बना देती थीं।

दुनिया ने देखा PM का रूप, घर में थीं 'दादी'

अपने पोस्ट में सोनिया गांधी ने सार्वजनिक छवि और पारिवारिक रिश्तों के बीच के फर्क को भी खूबसूरती से उकेरा है। उन्होंने लिखा कि पूरी दुनिया ने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में जाना, लेकिन घर में वह सबकी 'दादी' थीं—एक बेहद प्यार करने वाली और सौम्य शख्सियत, जो किस्सों, समझदारी और कमाल के सेंस ऑफ ह्यूमर से भरपूर थीं।

आज भी जिंदा है उनकी झलक

भावुक अंदाज में सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी का कुछ हिस्सा हम सबके भीतर आज भी जिंदा है, चाहे हमें इसका एहसास हो या न हो। उन्होंने अपने पोस्ट के आखिर में लिखा कि परिवार उन्हें आज भी बेहद याद करता है। सियासी विरासत से परे यह पोस्ट इंदिरा गांधी के उस मानवीय और घरेलू पहलू को सामने लाता है, जो अक्सर सुर्खियों के शोर में दब जाता है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article