देश

MCOCA के मामले में गैंगस्टर प्रदीप गिरफ्तार, 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

पुलिस के मुताबिक, यह मामला नरेला थाने में साल 2020 में FIR नंबर 411/2020 के तहत MCOCA की धारा 3/4 में दर्ज किया गया था। इस मामले में प्रदीप समेत अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

Image

MCOCA के मामले में गैंगस्टर प्रदीप गिरफ्तार।

Gangster Pradeep News: दिल्ली पुलिस ने नरेला थाने में दर्ज MCOCA के एक मामले में गैंगस्टर प्रदीप उर्फ अनिल उर्फ सलामुद्दीन (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 17 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रदीप कुख्यात मुकेश उर्फ पुनीत के संगठित अपराध सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। इस गैंग पर हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर वारदातों में शामिल होने का आरोप है।

SUV थार रॉक्स भी जब्त

पुलिस के मुताबिक, यह मामला नरेला थाने में साल 2020 में FIR नंबर 411/2020 के तहत MCOCA की धारा 3/4 में दर्ज किया गया था। इस मामले में प्रदीप समेत अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच के दौरान पुलिस अब तक करीब 80 लाख रुपये की रकम नकद और बैंक खातों से जब्त कर चुकी है। इसके अलावा गैंग से जुड़ी एक लग्जरी SUV थार रॉक्स भी जब्त की गई है। पुलिस अब गैंग के अपराध से कमाई गई रकम और उससे बनाई गई संपत्तियों का पता लगाने में जुटी है।

कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा

प्रदीप को 18 नवंबर को राउज एवेन्यू कोर्ट स्थित विशेष MCOCA अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर गैंग की पूरी गतिविधियों, अपराध से जुटाई गई रकम और उससे खरीदी गई चल-अचल संपत्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस का मकसद गैंग के पूरे नेटवर्क और उसकी आर्थिक ताकत का पता लगाना है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article