देश

जेल नहीं जाएंगे आजम खान, सुप्रीम कोर्ट से ED को लगा बड़ा झटका, जमानत के खिलाफ याचिका खारिज

Azam Khan News: आजम खान के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दाखिल ईडी की याचिका खारिज हो गई है। आजम खान को मिली अंतरिम जमानत को ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

Image

आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत (फोटो- PTI)

Azam Khan News: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। आजम खान फिर से जेल नहीं जाएंगे। आजम खान के अंतरिम जमानत के खिलाफ दाखिल याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज हो गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट से आजम खान को अंतरिम जमानत मिली थी, जिसके बाद ईडी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

किस आधार पर मिला आजम खान को राहत?

जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस पी.बी. वराले की पीठ ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को दी गई अंतरिम जमानत को चुनौती देने वाली प्रवर्तन निदेशालय (ED) की याचिका को खारिज कर दिया है। पीठ ने यह कहते हुए हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया कि यह केवल एक अंतरिम जमानत का आदेश है।

सुनवाई के दौरान ED की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने हाईकोर्ट के उस रुख पर सवाल उठाया, जिसमें गिरफ्तारी के आधार उपलब्ध नहीं कराने को अंतरिम जमानत देने का आधार बनाया गया था। एसवी राजू ने दलील दी कि आजम खान को गिरफ्तारी के आधार उपलब्ध कराए गए थे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने ED की दलीलों के बावजूद हाईकोर्ट के आदेश में दखल देने से इनकार कर दिया। आजम खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल पेश हुए।

सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट की टिप्पणियां केवल प्रथम दृष्टया विचार हैं। इन टिप्पणियों का मामले के अंतिम फैसले पर कोई प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। पीठ ने यह भी ध्यान में रखा कि हाईकोर्ट ने आजम खान को केवल अंतरिम जमानत दी है।

एक दिन पहले जेल से रिहा हुए हैं आजम खान

गाजियाबाद की डासना जेल से बुधवार को रिहा होने के बाद देर रात रामपुर पहुंचे आजम खान का बड़ी संख्या में पहुंचे उनके समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान संवाददाताओं से बातचीत में खान ने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा जमानत मिलने पर रिहा किये जाने से उनका इस बात पर यकीन मजबूत हो गया है कि देश आजाद है। उन्होंने कहा, ’’लेकिन संविधान कैद है। हम सब को मिलकर संविधान की आजादी की मांग करना चाहिए।’’

मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी जैसे आरोपों का भी सामना कर रहे खान ने तंज भरे अंदाज में कहा कि अगर मुर्गी चोरी करने वाला, बकरी और भैंस चोरी करने वाला शख्स प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोपी हो सकता है और वह विश्वविद्यालय बनाता है तो उनकी अल्लाह से दुआ है कि हर गली में एक मुर्गी चोर पैदा हो ताकि वह विश्वविद्यालय बना सके। उन्होंने कहा, ’’जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उन्हें यह सोचना चाहिए कि उनकी साख कितनी गिर गई है और उच्च न्यायालय, उच्चतम न्यायालय उनके बारे में क्या राय रख रहे हैं और क्या व्यवस्थाएं पारित हो रही हैं...उन्हें थोड़ा सा अपना स्तर बचा के रखना चाहिए।’’

किस मामले में ईडी ने आजम खान को किया था गिरफ्तार?

आजम खान को धनशोधन मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के एक दिन बाद बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा कर दिया गया। आजम खान को ईडी ने उनके मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े धनशोधन मामले में 31 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। उसी दिन उन्हें रामपुर जेल से एक अन्य आपराधिक मामले में रिहा किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें गाजियाबाद की पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article