देश

Dhiraj Sahu: धीरज साहू के रांची वाले घर से 3 बैग बरामद, शाह बोले -भ्रष्टाचार कांग्रेस के स्वभाव में है

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 11, 2023, 01:04 PM IST

Dhiraj Sahu News: धीरज साहू के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी गत बुधवार से जारी है। अब तक कांग्रेस नेता के ठिकानों से 350 करोड़ रुपए से ज्यादा की नकदी बरामद हो चुकी है। अपने सांसद के यहां से इतनी बड़ी रकम सामने आने के बाद कांग्रेस बैकफुट पर है।

Amit Shah On Dhiraj Sahu: कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के आवास एवं ठिकानों पर आयकर विभाग की रेड जारी है। छापेमारी के छठवें दिन विभाग ने साहू के रांची स्थित तीन ठिकानों पर छापे मारे। इनमें से एक जगह से आयकर विभाग को तीन बैग मिले। सूत्रों का कहना है कि इन बैग्स में जूलरी थी। छापेमारी के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला किया। शाह ने कहा कि भ्रष्टाचार कांग्रेस के स्वभाव में है लेकिन यह पार्टी एजेंसी की क्षमता पर सवाल उठाती है।

कांग्रेस ने पल्ला झाड़ा

साहू के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी गत बुधवार से जारी है। अब तक कांग्रेस नेता के ठिकानों से 350 करोड़ रुपए से ज्यादा की नकदी बरामद हो चुकी है। अपने सांसद के यहां से इतनी बड़ी रकम सामने आने के बाद कांग्रेस बैकफुट पर है। लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को कहा कि इस रकम से कांग्रेस पार्टी का कोई-लेना देना नहीं है। सरकार को इस मामले की जांच करानी चाहिए। वहीं, कांग्रेस पर भाजपा लगातार हमलावर है।

350 करोड़ से ज्यादा की नकदी जब्त

ओडिशा के बालांगिर, संबलपुर और टिटलागढ़ में पड़े छापों में 350 करोड़ से ज्यादा की नकदी जब्त हुई। झारखंड की राजधानी रांची में साहू के ठिकानों पर भी छापे पड़े हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि साहू के घर से कितनी नकदी और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए। गिनती में आयकर विभाग और विभिन्न बैंकों के लगभग 80 लोगों की नौ टीमें शामिल थीं, जो सातों दिन 24 घंटे काम कर रही थीं।

यह ‘बेहिसाबी’ नकदी है

सूत्रों ने बताया कि नकदी को ओडिशा की विभिन्न बैंक शाखाओं में जमा करने के लिए ले जाने के लिए लगभग 200 बैग और बक्सों का इस्तेमाल किया गया था। आयकर विभाग का मानना है कि यह ‘बेहिसाबी’ नकदी है और व्यापारिक समूह, विक्रेताओं और अन्य द्वारा देशी शराब की नकद बिक्री से अर्जित की गई है। सूत्रों ने कहा कि किसी एक समूह और उससे जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई के तहत देश में किसी एजेंसी द्वारा की गई यह अब तक की सबसे अधिक नकदी जब्ती है।

कानपुर में जब्त हुई थी 257 करोड़ रुपये की नकदी

इससे पहले इतनी भारी मात्रा में नकदी 2019 में बरामद की गई थी, जब जीएसटी इंटेलिजेंस ने कानपुर के एक व्यवसायी से जुड़े परिसरों पर छापा मारा था और 257 करोड़ रुपये नकद बरामद किए थे। वहीं, जुलाई 2018 में तमिलनाडु में एक सड़क निर्माण फर्म के खिलाफ तलाशी के दौरान आयकर विभाग द्वारा 163 करोड़ रुपये की नकदी का खुलासा किया गया था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article