Thousands of Tourists Stuck in Traffic Jam: हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी है। शिमला, कुल्लू, मनाली, लौहल स्पीति, चायल में जमकर बर्फबारी हो रही है। वही अटल टनल और धुंधी में पर्यटक मनाली लौटने लगे, तो सड़क पर जमा हुई बर्फ में वाहन फिसलने लगे। सोलंग नाला और अटल टनल के बीच 1000 गाड़ियों के फंसे होने की खबर है। तस्वीरों में देखा जा रहा है कि बर्फबारी के चलते गाड़ियां फिसल रही हैं और भीषण जाम लगा हुआ है।
अटल टनल में फंसे हजारों पर्यटक
एक हजार से अधिक पर्यटक वाहन अटल टनल के साउथ पोर्टल से नार्थ पोर्टल तक बर्फ में फंस गए हैं। पुलिस ने वाहनों को निकलने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सभी को बारी बारी मनाली की ओर भेजा जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति जिला के पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से इससे जुड़ी जानकारियां साझा की गई हैं। पुलिस ने ये बताया है कि अटल टनल के किस छोर में कितनी गाड़ियां फंसी हुई हैं।
अटल टनल और धुंधी में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से ही मौसम खराब चल रहा था। दोपहर के बाद अटल टनल के धुंधी में बर्फबारी होने लगी। जिसके बाद मनाली पुलिस ने सोलंगनाला से आगे वाहने के आने-जाने पर रोक लगा दी। बर्फबारी तेज होने लगी, जिसके बाद अटल टनल के दक्षिण पोर्टल से उत्तर पोर्टल तक हजारों पर्यटक फंस गए। फिलहाल पुलिस ने बर्फबारी के बीच फंसे पर्यटकों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रखा है, और वाहनों को सुरक्षित निकलने में लगी हुई है।
