PM Narendra Modi Chandigarh Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पंजाब दौरे के दौरान चंडीगढ़ में शुक्रवार को स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। हरियाणा के जींद में हाइड्रोजन से चलने वाली देश की पहली ट्रेन को जींद और सोनीपत के बीच हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी चंडीगढ़ के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। बता दें कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया तथा कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी भी मौजूद थे।
माताओं और बच्चों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने चंडीगढ़ में मौजूद स्नातकोत्तर मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (PGIMER) में आधुनिक मातृ एवं शिशु केंद्र और आधुनिक तंत्रिका विज्ञान केंद्र (Modern Neuroscience Center) का उद्घाटन किया। अधिकारियों के अनुसार, 300 बिस्तरों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं वाले मातृ एवं शिशु केंद्र से माताओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और पूरे क्षेत्र के हजारों परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि तंत्रिका विज्ञान केंद्र में विभिन्न जांच सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
मरीजों को मिलेगी समय पर समय विश्वस्तरीय इलाज
अधिकारियों का कहना है कि इससे जटिल तंत्रिका संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर विश्वस्तरीय इलाज मिलेगा, साथ ही तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में चिकित्सा अनुसंधान, शिक्षा और प्रशिक्षण को भी मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) के तहत 150 बिस्तरों वाले आधुनिक गहन देखभाल ब्लॉक का भी शिलान्यास किया।
जालंधर में 5,470 करोड़ रुपये की सौगात
वहीं जालंधर में प्रधानमंत्री ने 5,470 करोड़ रुपये की रेलवे और सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। इन परियोजनाओं का लक्ष्य कनेक्टिविटी को मजबूत करना, यात्रियों की सुविधाओं में सुधार करना और क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति देना है। प्रधानमंत्री मोदी ने अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी के बीच चलने वाली संत रविदास एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। इससे दो प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों के बीच सीधी रेल संपर्क स्थापित होगा। पीएम मोदी चंडीगढ़ और हरियाणा के जींद में परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद जालंधर पहुंचे। इस साल फरवरी में डेरा सचखंड बल्लां के दौरे के बाद प्रधानमंत्री का यह जालंधर का दूसरा दौरा रहा। प्रधानमंत्री की इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को अकेले लड़ने की तैयारी कर रही है।
हरियाणावासियों को भी विकास परियोजनाओं का तोफहा
वहीं बात अगर पीएम मोगी के हरियाणा दौरे की करें तो यहां उन्होंने सड़क संपर्क और चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा देने वाली 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुक्रवार को लोकार्पण और शिलान्यास किया। भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री ने 157.92 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। चार लेन वाले और पूरी तरह नियंत्रित पहुंच वाले इस एक्सप्रेसवे को लगभग 9,680 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। जानकारी के मुताबिक यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर 667 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का हिस्सा है। इसके चालू होने से दिल्ली से कटरा तक के सफर का समय 14 घंटे से घटकर करीब छह घंटे रह जाएगा, जबकि दिल्ली से अमृतसर की यात्रा आठ घंटे के बजाय लगभग चार घंटे में पूरी की जा सकेगी। इस परियोजना से राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी रोड) पर यातायात का दबाव काफी कम होने, श्री माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने तथा इस मार्ग के किनारे औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- देश को मिली पहली हाईड्रोजन ट्रेन, PM Modi ने दिखाई हरी झंड़ी, जींद-सोनीपत रूट बना इतिहास का गवाह
हरियाणा-हिमाचल के बीच सड़क संपर्क में सुधार
इसके अलावा पीएम मोदी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-7 और राष्ट्रीय राजमार्ग-344 पर 33.81 किलोमीटर लंबे, चार लेन वाले, आंशिक रूप से नियंत्रित प्रवेश वाले अंबाला-काला अंब राजमार्ग का भी उद्घाटन किया। बता दें कि यह राजमार्ग अंबाला शहरी क्षेत्र और काला अंब औद्योगिक क्षेत्र के बीच संपर्क को मजबूत करेगा, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच सड़क संपर्क में सुधार करेगा, पहाड़ी क्षेत्रों की पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगा तथा काला अंब क्षेत्र के उद्योगों के लिए परिवहन लागत कम करेगा। इस मौके पर लोकार्पित अन्य परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए पर 40.60 किलोमीटर लंबा जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड राजमार्ग भी शामिल है। इस राजमार्ग के चालू होने से जींद और गोहाना के बीच यात्रा का समय लगभग दो घंटे से घटकर सिर्फ 40 मिनट रह जाएगा। इससे यात्रियों, माल परिवहन और कृषि प्रधान जींद-गोहाना क्षेत्र को लाभ होगा तथा रोहतक, पानीपत और दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) से संपर्क बेहतर होगा।
कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने 24.27 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड राजमार्ग परियोजना का शिलान्यास भी किया। इस परियोजना के तहत मौजूदा सड़क को दो/चार लेन में उन्नत किया जाएगा। उन्होंने कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी उद्घाटन किया, जो शहर की एक प्रमुख शहरी अवसंरचना परियोजना है। इससे रेलवे फाटकों पर लंबे समय से लगने वाले यातायात जाम की समस्या खत्म होगी। इस परियोजना से गाड़ियों की आवाजाही सुगम होगी, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा तथा रेल और सड़क दोनों परिवहन प्रणालियों की परिचालन दक्षता बढ़ेगी। क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए प्रधानमंत्री ने भिवानी स्थित पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय तथा नारनौल के कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन चिकित्सा महाविद्यालय और राव तुलाराम अस्पताल राष्ट्र को समर्पित किए। इन संस्थानों के शुरू होने से हरियाणा में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा तक पहुंच का विस्तार होगा, एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ेगी, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता में सुधार होगा तथा लोगों को अपने घरों के पास बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। साथ ही पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र में एक सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी। इस संग्रहालय में सिख धर्म का इतिहास, सिख गुरुओं की शिक्षाएं, उनका साहस और बलिदान तथा भारत की सभ्यता में सिख समुदाय के अमूल्य योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
