देश

माकन के फर्जी लेटरहेड पर चीनियों को वीजा? कोर्ट ने जगदीश टाइटलर को किया बरी, जानें पूरा मामला

तत्कालीन गृह राज्य मंत्री अजय माकन के फर्जी लेटरहेड पर चीनी नागरिकों को फर्जी वीजा दिलाने का मामले में कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर और आर्म्स डीलर अभिषेक वर्मा को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बरी कर दिया है।

Image

जगदीश टाइटलर फर्जी वीजा मामले में बरी

Photo : PTI

कांग्रेस कार्यकाल के दौरान हुए एक फर्जी वीजा केस में कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर बरी हो गए हैं। इस मामले में एक और आरोपी और आर्म्स डीलर अभिषेक वर्मा को भी कोर्ट ने बरी कर दिया है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है।

वकील ने क्या कहा

राउज एवेन्यू कोर्ट ने कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर और हथियार डीलर अभिषेक वर्मा को फर्जी वीजा मामले में मंगलवार को बरी कर दिया। दोनों पर तत्कालीन गृह राज्य मंत्री अजय माकन के लेटरहेड पर कथित रूप से जालसाजी करने का आरोप था। वर्मा की ओर से पेश हुए वकील मनिंदर सिंह ने बताया कि विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने आरोपियों को बरी करते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष मामले में साक्ष्यों को साबित करने में विफल रहा।

माकन ने की थी शिकायत

कें‍द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने माकन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया था। शिकायत में बताया गया था कि वर्मा ने 2009 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को माकन के लेटरहेड पर एक जाली पत्र लिखा था, जिसमें व्यापार वीजा मानदंडों को हल्का करने की मांग की गई थी। सीबीआई ने आरोपपत्र में बताया था कि टाइटलर और वर्मा की सक्रिय मिलीभगत से यह जालसाजी की गई।

क्या था पूरा मामला

सीबीआई ने आरोप लगाया कि जाली पत्र चीन स्थित एक दूरसंचार कंपनी को दिया गया था, जिसका उद्देश्य भारत में वीजा विस्तार का गलत आश्वासन देना था। आरोपपत्र के मुताबिक, वर्मा ने पत्र दिखाने के लिए कंपनी से दस लाख डॉलर मांगे थे लेकिन रुपयों का लेन-देन नहीं हुआ था। सीबीआई ने माकन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए वर्मा के खिलाफ तत्कालीन भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 469 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। यह मुकदमा प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जालसाजी से संबंधित है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article