BJP Protest against Rahul Gandhi: दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रदर्शन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने कहा है कि वह बुधवार को देश भर में कांग्रेस दफ्तर का घेराव करेगी। उसका यह घेराव पीएम मोदी के आवास के बाहर राहुल गांधी के प्रदर्शन के खिलाफ होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते राहुल को निशाने पर लिया। प्रसाद ने राहुल के प्रदर्शन को गैर-जिम्मेदार बताया और कहा कि पीएम आवास के बाहर उनका विरोध कार्यालय की गरिमा के विपरीत है।
कांग्रेस कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेगी BJP
भाजपा नेता ने कहा, 'राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के गेट पर धरने पर बैठे। उनके पिता राजीव गांधी प्रधानमंत्री रहे, उनकी दादी इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री रहीं और उनके परदादा जवाहरलाल नेहरू भी भारत के प्रधानमंत्री थे। ऐसे में उन्हें प्रधानमंत्री आवास की गरिमा और पवित्रता का सबसे अधिक ज्ञान होना चाहिए। इसके बावजूद उन्होंने जिस तरह का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया, वह बेहद निंदनीय है।' रविशंकर प्रसाद ने घोषणा की कि भाजपा आज पूरे देश में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के अव्यवस्थित प्रदर्शन के विरोध में भाजपा आज देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेगी।'
'सरकार चर्चा के लिए तैयार, आप पीछे हट गए'
राहुल गांधी की 'जिद' पर सवाल उठाते हुए प्रसाद ने कहा, 'आप देश कैसे चलाना चाहते हैं? क्या आप जबरन वहीं बैठे रहेंगे? सरकार NEET मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन आप ही पीछे हट गए। क्या यह देश आपकी लाठी से चलेगा? क्या यह आपके अहंकार से चलेगा? राहुल गांधी, आपने बेहद गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया है। मैं आपके पूरे आचरण की निंदा करता हूं।' भाजपा नेता ने प्रदर्शन स्थल पर पुलिस की कार्रवाई का भी बचाव किया। उन्होंने कहा, 'बाद में पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी, जो सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा इन मुद्दों पर स्पष्ट रहे हैं।'
NEET परीक्षार्थी संतुष्ट हैं-प्रसाद
NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर प्रसाद ने कहा कि सरकार ने पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, 'पहले कई राज्यों में विभिन्न परीक्षाओं में अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। इसलिए परीक्षाएं रद्द होने के तुरंत बाद पूरी पारदर्शिता के साथ दोबारा परीक्षाएं कराई गईं। उनके परिणाम घोषित हो चुके हैं और 56-57 प्रतिशत सफलता दर रही है। छात्र भी संतुष्ट हैं। इन परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया गया।' युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा, 'NEET और अन्य परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी हमारे बच्चे हैं। उनके भविष्य की चिंता करना हमारा कर्तव्य है और हम इस जिम्मेदारी को पूरी तरह निभाएंगे। अनियमितताओं में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके खिलाफ मुकदमा चल रहा है। सरकार सुनिश्चित करेगी कि उन्हें कड़ी सजा मिले।'
अंत में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, 'पूरी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए व्यापक जांच और समीक्षा की जा रही है। प्रधानमंत्री ने NEET सहित सभी परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने का स्पष्ट आश्वासन दिया है।'
