America: अमेरिका ने शुक्रवार को अपने नागरिकों को अपराध और आतंकवाद के कारण भारत (India) का दौरा करते समय अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही उन्हें केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर (Jammu Kashmir) की यात्रा करने से भी परहेज करने को कहा है। अमेरिकी विदेश विभाग ने शुक्रवार को जारी एक नई ट्रैवल एडवाइजरी (Travel Advisory) में कहा कि अपराध और आतंकवाद के कारण भारत में सतर्कता बढ़ी है।
अमेरिकी नागरिकों के लिए अमेरिका ने जारी की एडवाइजरी
साथ ही अमेरिकी विदेश विभाग ने ट्रैवल एडवाइजरी लेवल को एक से 4 के लेवल पर घटाकर 2 लेवल का कर दिया है। ट्रैवल एडवाइजरी में एक से चार तक के लेवल होते हैं। चार सबसे ऊंचा लेवल होता है। अमेरिकी विदेश विभाग की ट्रैवल एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय अधिकारियों की रिपोर्ट में रेप (Rape) भारत में सबसे तेजी से बढ़ते अपराधों में से एक है। हिंसक अपराध, जैसे यौन हमला, पर्यटन स्थलों और अन्य स्थानों पर हुआ है।
भारत में पर्यटन स्थलों को निशाना बना सकते हैं आतंकी- अमेरिका
ट्रैवल एडवाइजरी में कहा गया है कि आतंकवादी बहुत कम या बिना किसी चेतावनी के हमला कर सकते हैं, जिसमें वह पर्यटन स्थलों, परिवहन केंद्रों, बाजारों/शॉपिंग मॉल और सरकारी केंद्रों को निशाना बना सकते हैं। इससे पहले गुरुवार को अमेरिका ने एक अलग एडवाइजरी में पाकिस्तान (Pakistan) को लेवल 3 पर रखा था और अपने नागरिकों से आतंकवाद और सांप्रदायिक हिंसा के कारण यात्रा पर पुनर्विचार करने को कहा था।अमेरिका ने अपने नागरिकों से आतंकवाद और अपहरण की घटनाओं के कारण बलूचिस्तान और पूर्व संघ शासित कबायली क्षेत्र (एफएटीए) समेत खैबर पख्तूनख्वा (केपीके) प्रांत की यात्रा नहीं करने का आग्रह किया। इसके साथ ही अमेरिका ने अपने नागरिकों को आतंकवाद और सशस्त्र संघर्ष की आशंका के कारण नियंत्रण रेखा (एलओसी) के आसपास के क्षेत्रों में भी यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।
