Telangana Election: तेलंगाना विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मंत्री व बीआरएस नेता केटीआर राव के साथ बड़ा हादसा हो गया। निजामाबाद के आर्मूर में एक चुनावी रैली के दौरान प्रचार वाहन की बैरीकेटिंग टूट जाने के कारण वे गाड़ी से नीचे गिर गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल, चुनावी रैली के दौरान केटीआर राव अन्य नेताओं के साथ प्रचार वाहन के ऊपर खड़े थे। वीडियो में दिख रहा है कि प्रचार वाहन के ऊपर करीब एक दर्जन लोग खड़े थे। अचानक से गाड़ी को झटका लगता है और बैरीकेटिंग टूट जाने के कारण सभी नीचे गिर जाते हैं।
बाल-बाल बचे केटीआर
जानकारी के मुताबिक, तेलंगाना मंत्री के साथ बीआरएस के राज्यसभा सदस्य केआर सुरेश रेड्डी और पार्टी उम्मीदवार व मौजूदा विधायक जीवन रेड्डी भी प्रचार वाहन पर मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि रेलिंग टूटने के बाद बीच में खड़े रामा राव झटके से आगे की ओर झुके और वाहन पर रखे स्पीकर पर गिर गए। उन्होंने बताया कि विधायक और सांसद गाड़ी से नीचे गिरे लेकिन वैन के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया और दोनों को सड़क पर गिरने से बचाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। रेड्डी और रामा राव को तुरंत एक कार में ले जाया गया और फिर वे आगे बढ़ गए। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर अधिकारी ने कहा कि वैन के आगे चल रहे वाहन के चालक को अचानक किसी के सामने आ जाने पर ब्रेक लगाना पड़ा, जिसके परिणामस्वरूप यह घटना हुई। रामा राव की बहन और बीआरएस एमएलसी के. कविता ने कहा, मैंने रामा राव से बात की और उन्होंने मुझे बताया कि वह बिल्कुल ठीक हैं। कविता ने ‘एक्स’ पर कहा, बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटीआर से बात की। वीडियो काफी डरावना लग रहा है, लेकिन उन्होंने मुझे और सभी को आश्वस्त किया कि वह बिल्कुल ठीक हैं। इसके बाद रामा राव एक रोड शो में भाग लेने के लिए कोडंगल रवाना हो गए।
