दिल्ली शराब नीति घोटाले में ईडी की रडार पर अब तेलंगाना सीएम केसीआर की बेटी और बीआरएस नेता के कविता आ गई है। ईडी ने उन्हें आज यानि कि गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि कविता आज की पूछताछ को टालने की कोशिश में हैं।
दिल्ली पहुंची कविता
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता, जिन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है, वो बुधवार शाम नई दिल्ली पहुंच गईं। सूत्रों के मुताबिक, कविता ने प्रवर्तन निदेशालय को पत्र लिखकर दिल्ली शराब नीति मामले में पूछताछ के लिए एजेंसी के सामने पेश होने के लिए 15 मार्च तक का समय मांगा है। इस मामले पर अभी तक ईडी ने कोई टिप्पणी नहीं की है।
CBI कर चुकी है पूछताछ
भारत राष्ट्र समिति के नेता से 12 दिसंबर को हैदराबाद में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। सीबीआई का तर्क है कि जो शराब कंपनियां आबकारी नीति तैयार करने में शामिल थीं, जिसके लिए एक शराब लॉबी द्वारा 30 करोड़ रुपये की रिश्वत का भुगतान किया गया था, जिसे "साउथ कार्टेल" करार दिया गया था। उसी "साउथ कार्टेल" का कविता हिस्सा हैं। इन्हें दिल्ली की नई शराब नीति में रिश्वत से फायदा हुआ, जिसमें आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है।
क्यों होगी पूछताछ
पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कविता को इसलिए बुलाया गया है ताकि हैदराबाद के व्यवसायी अरुण रामचंद्रन पिल्लई से उसका सामना करवाया जा सके, जो "साउथ कार्टेल" का एक कथित फ्रंटमैन है, जिसे ईडी ने इस सप्ताह के शुरू में गिरफ्तार किया था। कविता के पूर्व लेखाकार को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
