मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में 16 नवंबर की शाम एक बड़ा सुरक्षा हादसा सामने आया है। पनामा का झंडा लगे LPG टैंकर 'तारा गैस' को मिसाइल से निशाना बनाया गया। केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार, 17 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा कर पुष्टि की कि जहाज पर सवार कुल 25 क्रू सदस्यों में शामिल सभी 24 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई हैस लेकिन एक क्रू मेंबर लापता है।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल का आधिकारिक बयान
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और शिप मैनेजमेंट कंपनी के साथ सीधा संपर्क स्थापित किया गया है। सर्बानंद सोनोवाल ने एक्स (X) पर लिखा कि "16 नवंबर को स्ट्रैट ऑफ होर्मुज में पनामा फ्लैग वाले एलपीजी टैंकर 'तारा गैस' को मिसाइल हमले का शिकार होना पड़ा। जहाज पर 24 भारतीय नागरिकों सहित 25 सदस्यीय क्रू मौजूद था। राहत की बात यह है कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और कोई हताहत नहीं हुआ है। सरकार स्थिति की निगरानी कर रही है।" आगे अपडेट में सोनोवाल ने एक और जानकारी दी कि एक क्रू मेंबर लापता है और लापता भारतीय नाविक की तलाश और उसे सुरक्षित खोज निकालने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी तथा क्षेत्रीय बचाव एजेंसियों के साथ तत्काल समन्वय किया जा रहा है।
UKMTO की रिपोर्ट: इंजन रूम में लगी आग, जहाज असक्षम
यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने जानकारी दी कि 16 नवंबर को यूटीसी (UTC) समयनुसार शाम लगभग 7:00 बजे ओमान के खसाब (Khasab) से 7 समुद्री मील उत्तर में एक टैंकर पर हमले की सूचना मिली थी। हमले के बाद टैंकर के इंजन रूम में आग लग गई, जिससे जहाज आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया। यूकेएमटीओ ने पुष्टि की कि क्रू सदस्य सुरक्षित हैं, हालांकि जहाज को पहुंचे नुकसान और पर्यावरण पर पड़े प्रभाव का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने क्षेत्र से गुजरने वाले अन्य जहाजों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
किसने किया हमला? अभी स्पष्ट नहीं
'तारा गैस' टैंकर पर यह मिसाइल हमला किसने और कहां से किया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। किसी भी संगठन या देश ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। दूसरी ओर, ईरान की नौसेना ने बयान जारी कर दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से के प्रतिबंधित क्षेत्र में नौसैनिक खदान से टकराने के बाद एक चौथा टैंकर भी आग की चपेट में आया है। खाड़ी देशों और वैश्विक सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे समुद्री मार्ग पर बढ़ते खतरों को लेकर बेहद सतर्क हैं।
