देश

गोद वाली टिप्पणी पर विवाद के बीच राहुल ने पोस्ट की शिव-पार्वती की तस्वीर, कहा- प्यार का अनुभव करने से रोकती है नफरत

राजीव गांधी और सोनिया गांधी के करीबी रिश्तों को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर उठे विवाद के बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर हमला बोला है।

Image

राहुल गांधी ने भाजपा-आरएसएस पर बोला हमला।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन के मौके पर राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के करीबी रिश्तों को लेकर एक किस्सा साझा किया था, जिसकी अब आलोचना हो रही है। जिसे लेकर कांग्रेस नेता ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि 'डर, गुस्से और नफरत ने भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्यार का अनुभव करने और उसे जाहिर करने से रोकता है।'

क्या है राहुल गांधी की पोस्ट में

राजीव गांधी और सोनिया गांधी के करीबी रिश्तों को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर उठे विवाद के बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने 12वीं सदी के एक मंदिर की मूर्ति की तस्वीर भी साझा की है। इस तस्वीर में माता पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी नजर आ रही हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी ने लिखा है कि डर, गुस्से और नफरत ने भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्यार का अनुभव करने और उसे जाहिर करने से रोकता है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे इन लोगों को इस जाल से मुक्त करें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्यार और अपनेपन की खूबसूरती और आनंद महसूस कर सकें। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में 'सत्यम शिवम सुंदरम' भी लिखा।

माता-पिता के रिश्ते पर दिए बयान से शुरू हुआ विवाद

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का यह बयान तब आया है, जब उनके द्वारा अपने माता-पिता (राजीव गांधी और सोनिया गांधी) के रिश्ते को लेकर दिए गए एक बयान पर सियासत गर्म है। दरअसल, सोमवार को जब उनकी मां सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' का आधिकारिक विमोचन हो रहा था, तब राहुल ने अपने माता-पिता के बीच के करीबी रिश्ते का जिक्र किया था। इस दौरान बोलते हुए राहुल ने बताया कि खाने की मेज पर उनके पिता राजीव गांधी बैठते थे और उनकी गोद में मां सोनिया गांधी बैठी होती थीं। राहुल ने कहा कि बचपन में उन्हें लगता था कि यह सामान्य बात है। लेकिन जब वे अपने दोस्तों के घर जाते थे, तो उनके माता-पिता इस तरह नहीं बैठते थे। इस पर वे दोस्तों से पूछते थे कि उनकी मां अपने पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।

उन्होंने आगे कहा कि और फिर हमने यह सब बर्बाद होते देखा। सिर्फ समय के साथ नहीं - अचानक... हमने अपनी एक एंकर (इंदिरा गांधी) को गोली लगते देखा, और फिर हमने अपने सबसे बड़े एंकर (राजीव) को टुकड़े-टुकड़े होते देखा।

गोद में बैठने वाले बयान पर शुरू हुई सियासत

राहुल गांधी के इस बयान के आते ही राजनीतिक गलियारों में इसपर बयानबाजी शुरू हो गई। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा इस टिप्पणी का वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस नेता पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि सोनिया गांधी के खास दिन पर भी राहुल उन्हें शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। असम सीएम ने आगे कहा कि देश यह बात काफी पहले समझ चुका है और उम्मीद है कि अब सोनिया गांधी भी इसे समझेंगी। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ऐसा प्रोडक्ट है, जिसे लॉन्च और रिलॉन्च करने का कोई फायदा नहीं है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article