देश

8 ग्राम सोना, हर महीने 2500 रुपये, फ्री गैस सिलेंडर और... इन वादों के दम पर विजय ने मार ली तमिलनाडु में बाजी

Tamil Nadu Assembly Election Result 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में विजय की पार्टी टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 111 सीटों पर बढ़त हासिल कर ली है और सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। राजनीति में महज दो साल पहले एंट्री करने वाले विजय की यह बड़ी जीत मानी जा रही है। इस सफलता के पीछे उनके लोकलुभावन और सीधे जनता को प्रभावित करने वाले वादे अहम माने जा रहे हैं।

Image

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में थलापति विजय की पार्टी ने कर दिया कमाल। AI IMAGE

Tamil Nadu Assembly Election Result 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्टी कझगम (TVK) ने कमाल कर दिया। पार्टी राज्य में सरकार बनाते नजर आ रही है। खबर लिखे जाने तक टीवीके 111 सीटों पर आगे चल रही है। राजनीति में थलापति विजय की एंट्री महज दो साल पहले हुई थी।

हालांकि, सवाल ये है कि इतने कम समय में थलापति विजय ने यह कारनामा कैसे कर दिखाया? इसका जवाब है विजय के वो वादे,जिसपर तमिलनाडु की जनता ने एतबार किया है। आइए विजय के उन चुनावी वादों का जिक्र करें, जिसकी खूब चर्चा हुई।

विजय की पार्टी TVK के 5 बड़े चुनावी वादे

विवाह सहायता और उपहार: टीवीके ने वादा किया है कि राज्य में युवतियों के विवाह के अवसर पर सरकार की ओर से सहायता के तौर पर 8 ग्राम सोना (एक पावन) दिया जाएगा। इसके साथ ही, प्रत्येक वधू को उपहार स्वरूप एक रेशमी साड़ी भी भेंट की जाएगी।

मासिक भत्ता और पेंशन में बढ़ोतरी: महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए उन्हें हर महीने ₹2,500 की वित्तीय सहायता देने का संकल्प लिया गया है। वहीं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के सम्मान के लिए उनकी पेंशन राशि को बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह करने का वादा किया गया है।

भूमिहीनों को पट्टा: सामाजिक न्याय की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विजय ने घोषणा की है कि उनकी सरकार बनने पर भूमिहीन गरीब परिवारों को सरकारी जमीन पर मुफ्त मालिकाना हक (पट्टा) दिलाया जाएगा, ताकि हर गरीब के पास अपनी जमीन हो।

मुफ्त बिजली, गैस और ऋण सुविधा: घरेलू राहत के तौर पर हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली और साल में 6 रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने का भी वादा है।

रोजगार और युवा कल्याण: युवाओं के लिए पार्टी ने अगले 5 साल में 5 लाख सरकारी नौकरियां देने और 5 लाख युवाओं को इंटर्नशिप से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। साथ ही, स्नातक पास बेरोजगारों को ₹4,000 मासिक भत्ता और उद्यमियों के लिए 25 लाख रुपये तक का लोन देने की योजना पेश की गई है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article