देश

'लोकसभा में हमारी सीट बदली जाए, हम कांग्रेस के साथ नहीं बैठेंगे...' चुनावी नतीजों के बाद इंडी गठबंधन में पड़ी फूट?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद डीएमके और कांग्रेस के रिश्तों में बड़ी दरार सामने आ गई है। कांग्रेस द्वारा विजय की पार्टी TVK को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने से डीएमके नाराज हो गई है। इसी बीच डीएमके सांसद और वरिष्ठ नेता कनिमोझी करुणानिधि ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर संसद में डीएमके सांसदों की सीटिंग अरेंजमेंट बदलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ डीएमके का गठबंधन अब खत्म हो चुका है, इसलिए दोनों दलों के सांसदों का साथ बैठना उचित नहीं होगा।

Image

तमिलनाडु चुनाव के बाद डीएमके और कांग्रेस के बीच रार। PTI

Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के रिजल्ट सामने आने के बाद डीएमके और कांग्रेस के बीच दरार पड़ चुकी है। दरअसल, रिजल्ट आने के बाद कांग्रेस ने विजय की पार्टी टीवीके को सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन दिया है।

यह बात डीएमके को खटक चुकी है। इसी कड़ी में डीएमके की वरिष्ठ नेता और सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) को एक आधिकारिक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने सदन के भीतर डीएमके सांसदों की बैठने की व्यवस्था में बदलाव करने का अनुरोध किया है।

कांग्रेस से गठबंधन टूटने का दिया हवाला

कनिमोझी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि डीएमके और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) के बीच राजनीतिक गठबंधन अब समाप्त हो चुका है। पत्र में लिखा गया,

"बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों और इस तथ्य को देखते हुए कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ हमारा गठबंधन समाप्त हो गया है, मैं लोकसभा में डीएमके सांसदों की बैठने की व्यवस्था में उपयुक्त बदलाव का सादर अनुरोध करती हूं। वर्तमान परिस्थितियों में हमारे सदस्यों के लिए कांग्रेस सांसदों के साथ बैठना अब उचित नहीं होगा।"

बता दें कि दोनों दल, विपक्षी इंडी गठबंधन में एक साथ रहकर बीजेपी को चुनौती दे रहे थे। कांग्रेस के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि डीएमके दक्षिण भारत में उसकी सबसे मजबूत सहयोगी रही है।

किस पार्टी को कितनी सीटें मिली

कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों का समर्थन टीवीके को दिया है। वहीं, टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई है। वहीं, डीएमके को 59 और AIADMK ने 47 सीटें जीती हैं। इसके अलावा, पीएमके के 2, ऑल इंडिया मुस्लिम लीग के 2, सीपीआई के 2, सीपीएम के 2, वीसीके के 2, बीजेपी के एक, डीएमडीके के एक और एक विधायक AMMKMNKZ के हैं। गौरतलब है कि टीवीके अभी भी बहुमत के आंकड़े से पूछे है। तमिलनाडु के राज्यपाल आरवी अर्लेकर तमिलनाडु में विजय को सरकार का न्योता देने से इनकार कर दिया. राज्यपाल का कहना है कि विजय पहले 118 विधायकों का समर्थन पत्र दिखाएं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article