Rajya Sabha Polls: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। यह मुलाकात राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले हुई है। दरअसल, विजय ने तमिलनाडु कोटे से रिक्त हुई राज्यसभा सीट अपने गठबंधन सहयोगी 'कांग्रेस' को सौंपी है।
राहुल से मिले थलपति विजय
नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए विजय बुधवार को दिल्ली पहुंचे। ऐसे में उन्होंने रायबरेली सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्षा सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से 10 जनपथ में मुलाकात की।
विजय ने 'संकटमोचक' को दिया तोहफा
तमिलनाडु में टीवीके की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली कांग्रेस को विजय ने शानदार तोहफा दिया था। विजय ने राज्यसभा सीट कांग्रेस को देने का ऐलान किया था। जिसके बाद, कांग्रेस ने तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में दोस्ती और दिल्ली में No Entry! थलपति की टीवीके 'INDIA गठबंधन' की बैठक में क्यों नहीं होगी शामिल?
विजय की तीन दिवसीय दिल्ली यात्रा
विजय तीन दिनों के लिए दिल्ली में हैं। वह नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को दिल्ली आए हैं। चेन्नई से रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विजय ने दिग्गज फिल्म निर्देशक भारतीराजा के आवास पर जाकर उन्हें अपनी अंतिम श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे सुबह करीब 10 बजे एक निजी विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। शुक्रवार की शाम को विजय के चेन्नई लौटने की संभावना है।
मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद विजय का राष्ट्रीय राजधानी का यह दूसरा सरकारी दौरा है। इससे पहले, 27 मई को अपनी पहली दिल्ली यात्रा के दौरान उन्होंने पीएम मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ उच्च स्तरीय बैठकें की थीं।
