Ballistic Missiles Test Firing: भारत ने गुरुवार को एक बार फिर से दुनिया को अपनी ताकत से रूबरू कराया। एक दिन पहले डीआरडीओ ने 15,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर आकाश प्राइम मिसाइल सिस्टम का जलवा दिखाया और अब ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से पृथ्वी-II और अग्नि-I बैलिस्टिक मिसाइलों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से 17 जुलाई, 2025 को पृथ्वी-2 और अग्नि-1 नामक कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। इन प्रक्षेपणों ने सभी परिचालन और तकनीकी मानकों को पूरा किया। ये परीक्षण सामरिक बल कमान के तत्वावधान में किए गए।
अग्नि-1 का परीक्षण अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया, जबकि पृथ्वी-2 का परीक्षण कुछ समय बाद चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज के लॉन्च पैड संख्या-3 से किया गया।
दुश्मनों से बचाएगा 'आकाश'
इससे एक दिन पहले डीआरडीओ ने भारतीय सेना के साथ मिलकर लद्दाख क्षेत्र में 15,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर आकाश प्राइम नामक एयर डिफेंस सिस्टम का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। आकाश प्राइम ने सीधी दूरी के दो लक्ष्यों को भेदा गया। दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की ताकत पहले ही देखी थी और यह आकाश एयर डिफेंस सिस्टम का उन्नत वर्जन है। डीआरडीओ ने इससे जुड़ा हुआ एक वीडियो भी साझा किया है।
