Kunal Kamra Cancels Shows: बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड में होने वाले स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के शो को हिंदूवादी संगठनों के भारी विरोध के बाद रद्द कर दिया गया है। पुलिस द्वारा सोमवार (3 अगस्त 2026) को दी गई जानकारी के अनुसार, कामरा ने खुद रविवार को व्हाइटफील्ड पुलिस स्टेशन जाकर अपने शोज को आगे न बढ़ाने के फैसले से अवगत कराया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, कुणाल कामरा ने रविवार को व्यक्तिगत रूप से व्हाइटफील्ड थाने का दौरा किया। उन्होंने पुलिस को सूचित किया कि दक्षिणपंथी और हिंदूवादी कार्यकर्ताओं के कड़े विरोध को देखते हुए उन्होंने व्हाइटफील्ड में प्रस्तावित अपने कार्यक्रमों को निरस्त करने का निर्णय लिया है।
विरोध की वजह और शिकायत
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब 'हिंदू राष्ट्र समन्वय समिति' ने हाल ही में बेंगलुरु पुलिस को एक औपचारिक याचिका सौंपी थी। इस याचिका में समिति ने 3 अगस्त को व्हाइटफील्ड के 'URU' (उरु व्हाइटफील्ड) में होने वाले कामरा के स्टैंड-अप प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी। संगठन का तर्क था कि कुणाल कामरा ने पूर्व में हिंदू देवी-देवताओं का अनादर किया है। समिति ने दावा किया कि इस कार्यक्रम के आयोजन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है और धार्मिक सद्भाव को ठेस पहुंच सकती है।
नए वेन्यू पर शिफ्ट हुए शोज
व्हाइटफील्ड में शो रद्द होने के बाद कुणाल कामरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए अपने प्रशंसकों को अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि सोमवार, मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को होने वाले उनके सभी शोज को अब कोरामंगला के एक नए वेन्यू पर शिफ्ट कर दिया गया है। कामरा ने स्पष्ट किया कि कोरामंगला वाले वेन्यू में बैठने की जगह काफी सीमित है, इसलिए दर्शकों को नए सिरे से बुकिंग करनी होगी।
टिकट रिफंड की प्रक्रिया
जो दर्शक व्हाइटफील्ड वाले शो के लिए टिकट खरीद चुके थे, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। कामरा ने जानकारी दी कि टिकटिंग पार्टनर BookMyShow प्लेटफॉर्म द्वारा व्हाइटफील्ड शो के सभी टिकटों का पैसा सुरक्षित रूप से प्रोसेस कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने दर्शकों से कोरामंगला वेन्यू के लिए फिर से टिकट बुक करने का अनुरोध किया है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) और सोनम वांगचुक के नेतृत्व वाले NEET मुद्दे से जुड़े छात्र आंदोलन के दौरान कामरा ने विवादित बयान दिया था। कामरा ने हिंदू जनजागृति समिति (HJS) ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के मंच से सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया गया तथा हेट स्पीच और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले बयान दिए गए। इन आरोपों के आधार पर समिति ने दिल्ली पुलिस को शिकायत पत्र सौंपते हुए कॉमेडियन कुणाल कामरा, अभिनेता प्रकाश राज और उमर खालिद के पिता सहित संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और प्रदर्शन को समाप्त कराने की मांग की थी।
क्या था कुणाल कामरा का बयान?
स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने मंच से यह कहते हुए, "ये सरकार सालों से सीता के पति (राम) का नाम लेकर नीता के पति (मुकेश अंबानी) का काम कर रही है," हिंदू आस्था का अपमान किया और करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया। समिति का यह भी दावा है कि कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने "सब बुत (मूर्ति) उठवाए जाएंगे...बस नाम रहेगा अल्लाह का" गीत प्रस्तुत किया, जिसे समिति ने सनातन धर्म की मूर्तिपूजा के खिलाफ भड़काऊ और हिंसक संदेश बताया।
