Southwest Monsoon Update: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 26 मई 2025 को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की प्रगति को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ने देश के कई नए हिस्सों में दस्तक दे दी है और आने वाले तीन दिनों में इसके और आगे बढ़ने के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। बता दें कि अभी देश के कई हिस्सों में प्री-मॉनसून बारिश हो रही है और अगले कुछ दिनों में इसके अधिकतर हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है।
मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मानसून 16 दिन पहले पहुंचा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 26 मई 2025 को पुष्टि की कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मुंबई में समय से 16 दिन पहले प्रवेश कर लिया है। सामान्य तौर पर मुंबई में मानसून की शुरुआत 11 जून के आसपास होती है, लेकिन इस बार यह इतिहास में सबसे जल्दी पहुंचने वाला मानसून बन गया है। वर्ष 2001 से 2025 की अवधि में यह सबसे शीघ्र आगमन है।
मॉनसून ने इन इलाकों में किया प्रवेश
IMD के अनुसार, मॉनसून ने केंद्रीय अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र (मुंबई सहित), कर्नाटक (बेंगलुरु सहित), तमिलनाडु के शेष भागों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तर बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, और पूर्वोत्तर भारत के मिजोरम के शेष भागों, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अगले तीन दिनों के भीतर मॉनसून के केंद्रीय अरब सागर के शेष भागों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के कुछ और क्षेत्रों, उत्तर बंगाल की खाड़ी के शेष भागों, पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों, और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम तक पहुंचने की संभावनाएं अनुकूल बनी हुई हैं।
मुंबई में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव
मुंबई में कुछ घंटों की लगातार बारिश के कारण सोमवार को कई निचले इलाकों में और ट्रेन की पटरियों पर जलभराव हो गया, जिसके चलते सुबह के समय लोकल ट्रेन सेवाओं के साथ ही शहर के कई इलाकों में यातायात भी प्रभावित हो गया। आईएमडी की आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी के बीच मुंबई के कुछ हिस्सों में कुछ घंटों तक भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण मध्य रेलवे के मस्जिद, बायकुला, दादर, माटुंगा और बदलापुर रेलवे स्टेशन पर पटरियां जलमग्न हो गईं, जिससे सुबह के व्यस्त समय में विभिन्न ट्रेन की आवाजाही धीमी हो गई। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने कहा, उपनगरीय लोकल ट्रेन की आवाजाही जारी है, लेकिन कुछ स्थानों पर इनकी रफ्तार कम कर दी गई है। यात्रियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली ट्रेन के देरी से चलने के संबंध में शिकायत की।
एनसीआर में मौसम ने ली करवट
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार से शुरू हुआ तेज बारिश और गरज-चमक वाला मौसम अब भी जारी है और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 26 और 27 मई के लिए भी चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, इन दो दिनों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का सामना एनसीआर के लोगों को करना पड़ सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, 26 मई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। इस दिन बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बनी नमी के कारण बने हालात
विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बनी नमी के कारण उत्पन्न हुई है, जिससे उत्तर भारत के कई हिस्से प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को अगले दो दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों और ऊंची जगहों पर जाने से परहेज करने की हिदायत दी गई है। बदलते मौसम के बीच एनसीआर वासियों को जहां एक ओर गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर तेज बारिश और तूफान ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
