North India Weather Updates: उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। कुछ राज्यों में बर्फबारी हुई है तो कहीं बारिश का दौर बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि दिल्ली और उसके पड़ोसी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सोमवार को हल्की बारिश होगी और उसके बाद मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 5 फरवरी को हल्की बारिश होगी. भारत के पूर्वी हिस्से बिहार के लिए भी इसी तरह के मौसम का पूर्वानुमान लगाया गया है।
इन राज्यों में रहेगा घना कोहरा
आईएमडी ने अपने बुलेटिन में यह भी कहा कि मंगलवार 6 फरवरी की सुबह दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। आईएमडी ने कहा है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी, जिसके बाद मौसम में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। रविवार को दिल्ली और उसके कई पड़ोसी इलाकों में बारिश हुई, जबकि दिल्ली की आधिकारिक मौसम वेधशाला, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
हिमालय के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के कारण सामान्य जनजीवन पर भारी असर पड़ा। कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कई सड़कों पर ट्रैफिक जाम नजर आ रहा है। इन राज्यों के कई जिलों में जमकर बर्फबारी हुई है। इसके कारण पर्यटक भी भारी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं। इससे खास तौर पर हिमाचल में कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो रही है।
कई सड़कें बंद, उड़ानों पर असर
हिमाचल प्रदेश में रविवार को पांच राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 475 सड़कें बंद हो गईं। इसके अलावा बर्फबारी के कारण 333 बिजली आपूर्ति और 57 जल आपूर्ति योजनाएं बाधित हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि रामबन जिले में सुबह लगभग 11:15 बजे भूस्खलन के कारण 270 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात लगभग चार घंटे के लिए रोक दिया गया।
बर्फबारी जारी रहने का अनुमान
निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने एक बयान में कहा कि उसने खराब मौसम के कारण अपनी छह उड़ानें - श्रीनगर के लिए चार और लेह के लिए दो उड़ानें रद्द कर दी हैं। मौसम में ताजा बदलाव एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ जो शनिवार (3 फरवरी) को उत्तर पश्चिम भारत में आया। इस बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी जारी रहने का अनुमान लगाया गया है।
