देश

4 महीने पहले ही चेतन से शादी कर चुकी थी सिया? केतन मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा, दावे के जांच में जुटी पुलिस

पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'सिया और चेतन के बीच हुए चैट के विश्लेषण से संकेत मिलता है कि उन्होंने गुप्त रूप से शादी कर ली थी। उनकी शादी को लेकर कुछ अपुष्ट खबरें भी हैं। हम इस दावे की पुष्टि कर रहे हैं और यह भी जांच रहे हैं कि क्या यह शादी कानूनी रूप से पंजीकृत (रजिस्टर्ड) थी।'

Image

पुणे मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा।

Pune Murder Case: केतन अग्रवाल मर्डर केस की में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस मर्डर केस के संदिग्ध सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौहान इस हत्याकांड से कुछ महीने पहले गुपचुप शादी कर चुके थे। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अब इस खुलासे की सत्यता परख रही है। सिया (20) और उसके प्रेमी चेतन (25) पर आरोप है कि दोनों ने बीते 18 जून को लोहागढ़ किले से केतन को खाई में धक्का दे दिया। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होनी थी। दोनों की सगाई हो चुकी थी।

क्या यह शादी कानूनी रूप से रजिस्टर्ड थी?

पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'सिया और चेतन के बीच हुए चैट के विश्लेषण से संकेत मिलता है कि उन्होंने गुप्त रूप से शादी कर ली थी। उनकी शादी को लेकर कुछ अपुष्ट खबरें भी हैं। हम इस दावे की पुष्टि कर रहे हैं और यह भी जांच रहे हैं कि क्या यह शादी कानूनी रूप से पंजीकृत (रजिस्टर्ड) थी।' अग्रवाल की हत्या के पीछे की कथित साजिश की चल रही जांच के तहत, जांचकर्ता आरोपियों से बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं, जिसमें मोबाइल फोन का डेटा और चैट रिकॉर्ड शामिल हैं।

फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, गोयल और चौधरी ने कथित तौर पर अग्रवाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी क्योंकि वह उनके रिश्ते में रोड़ा बन रहा था। जांचकर्ताओं का दावा है कि दोनों ने हत्या की योजना बेहद सावधानीपूर्वक बनाई थी और इसे अंजाम देने से पहले इसका पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) भी किया था। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

संदेश कथित तौर पर मई में भेजा गया था

पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं को हत्या की आरोपी सिया गोयल द्वारा कथित तौर पर भेजा गया एक स्नैपचैट संदेश मिला है, जिसमें उसने एक दोस्त से कहा था कि पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल से उसकी शादी नहीं होने वाली है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को कहा कि यह संदेश कथित तौर पर मई में भेजा गया था, जो अग्रवाल की कथित हत्या से कुछ हफ्ते पहले की बात है।

'आधार कार्ड के आगे और पीछे के हिस्से की फोटो भेज दो'

मई में भेजे गए इस संदेश में, गोयल ने कथित तौर पर अपनी दोस्त से उदयपुर के लिए टिकट बुक करने के वास्ते उसके आधार कार्ड की प्रति (कॉपी) मांगी थी, जहां नवंबर में शादी होनी तय थी, और साथ ही उससे यह भी कहा था कि यह शादी नहीं होगी। संदेश में लिखा था, 'शादी के टिकटों के लिए अपने आधार कार्ड के आगे और पीछे के हिस्से की फोटो भेज दो, जो कि वैसे भी नहीं होने वाली है, लेकिन फिर भी भेज देना।' अधिकारी ने बताया कि अग्रवाल के परिवार ने शादी के लिए रिश्तेदारों और दोस्तों की यात्रा बुकिंग शुरू कर दी थी और गोयल के परिवार से मेहमानों के नाम और आधार विवरण मांगे थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!