देश

सी जे रॉय आत्महत्या मामला: कर्नाटक सरकार ने SIT गठित; 8,400 करोड़ रुपये से अधिक थी कारोबारी की संपत्ति

बेंगलुरु के रियल एस्टेट कारोबारी और कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने शुक्रवार को कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। यह घटना उस समय हुई जब आयकर विभाग की टीम उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। वहीं, अब आत्महत्या की जांच के लिए कर्नाटक सरकार द्वारा एक विशेष जांच समिति (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी का नेतृत्व बेंगलुरु शहर के पश्चिमी जोन के संयुक्त पुलिस आयुक्त वामसी कृष्णा कर रहे हैं।

Dr CJ Roy

बेंगलुरु के रियल एस्टेट कारोबारी सीजे रॉय ने कथित तौर पर खुद को मारी गोली (फाइल फोटो)

कारोबारी और ‘कॉन्फिडेंट ग्रुप’ के चेयरमैन सी जे रॉय की आत्महत्या के मामले में कर्नाटक सरकार ने विशेष जांच समिति (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी का नेतृत्व बेंगलुरु शहर के पश्चिमी जोन के संयुक्त पुलिस आयुक्त वामसी कृष्णा कर रहे हैं। समिति में दो उपायुक्त स्तर (डीसीपी) के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं।

माकपा और यूडीएफ ने की गहन जांच की मांग

इस बीच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने रॉय की मौत के पीछे के तथ्यों की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है। माकपा के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन, राज्यसभा सांसद ए.ए. रहीम और विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने कहा कि कारोबारी की मौत के कारणों को पूरी तरह सामने लाया जाना जरूरी है।

पत्रकारों से बातचीत में गोविंदन ने सवाल उठाया कि छापेमारी और अन्य कार्रवाइयों के दौरान केंद्रीय एजेंसियां अधिक मानवीय रवैया क्यों नहीं अपनातीं। उन्होंने दावा किया कि रॉय की मौत के बाद भी उनके कार्यालय में छापेमारी जारी रही। ए.ए. रहीम ने कहा कि इस पहलू की भी जांच होनी चाहिए कि क्या रॉय केंद्रीय एजेंसियों की कथित दबाव की रणनीति से परेशान थे। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए रॉय की मौत पर शोक जताते हुए निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की।

वहीं, वी.डी. सतीशन ने कहा कि कारोबारी की मौत में कोई न कोई “राज” जरूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा कारोबारी के साथ किस तरह का व्यवहार किया गया।

इस मामले पर अभिनेता मोहनलाल ने भी शोक व्यक्त किया है। रॉय द्वारा निर्मित फिल्मों में काम कर चुके मोहनलाल ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “मेरे प्रिय मित्र सी जे रॉय की मौत की खबर अविश्वसनीय और बेहद पीड़ादायक है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वह सिर्फ दोस्त नहीं, उससे कहीं बढ़कर थे।” पुलिस के अनुसार, आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान शुक्रवार दोपहर बेंगलुरु स्थित अपने कार्यालय में रॉय ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। रॉय के भाई बाबू ने आरोप लगाया है कि केंद्रीय एजेंसियों के दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। बाबू ने शनिवार को बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपने आरोपों को दोहराया।

डॉ. रॉय को कैसे मिला हथियार

बताया जा रहा है कि डॉ. रॉय ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से कथित तौर पर खुद को गोली मारी। घटना के तुरंत बाद उन्हें एचएसआर लेआउट स्थित नारायणा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

आयकर विभाग ने टैक्स चोरी के आरोपों के बाद उसी दिन डॉ. रॉय के कार्यालयों और आवासों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया था। पूछताछ सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई थी। इस दौरान अधिकारियों ने उनसे कुछ दस्तावेज लाने को कहा। बताया जाता है कि दस्तावेज लेने के लिए वह पास के कमरे में गए, जहां उन्होंने खुद को गोली मार ली।

कौन थे डॉ. सीजे रॉय?

डॉ. सीजे रॉय बेंगलुरू स्थित एक बड़े समूह के प्रमुख थे और रियल एस्टेट सेक्टर में अपनी मजबूत मौजूदगी के लिए जाने जाते थे। उनका केरल, कर्नाटक और यहां तक कि खाड़ी देशों तक में बिजनेस फैला हुआ था।

उन्होंने 2006 में कॉन्फिडेंट ग्रुप की स्थापना की और इसे एक बड़े कर्ज़-मुक्त कंपनी के रूप में विकसित किया, जिसके प्रोजेक्ट्स भारत और मध्य पूर्व में फैले हुए हैं। समूह के भारत और यूएई में 160 से अधिक प्रोजेक्ट्स हैं, जिसमें ज़ायन हिल्स गोल्फ काउंटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिसकी कीमत लगभग 3,000 करोड़ रुपये है।

रियल एस्टेट के अलावा, रिपोर्ट्स के अनुसार रॉय मलयालम और कन्नड़ फिल्म उद्योगों में एक प्रमुख फिल्म निर्माता भी थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉ. सीजे रॉय की कुल अनुमानित संपत्ति लगभग एक अरब डॉलर यानी 8,400 करोड़ रुपये से अधिक थी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article