देश

Shraddha Murder Case: वालकर की हत्या के हफ्ते भर बाद आफताब ने बना ली थी नई GF, गिफ्ट में दी वही अंगूठी जो श्रद्धा पहनती थी- पुलिस

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Mar 8, 2023, 08:08 AM IST

Shraddha Walker Murder Case: दिल्ली के साकेत कोर्ट में पुलिस ने कहा कि आरोपी आफताब अमीन पूनावाला के खिलाफ पुख्ता परिस्थितिजन्य सबूत और बयान हैं। इनसे यह साफ होता है कि मर्डर उसी ने किया है। ऐसे में उसके खिलाफ केस चलाया जाए।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Shraddha Walker Murder Case: श्रद्धा वालकर हत्याकांड का आरोपी आफताब अमीन पूनावाला बड़ा ही शातिर है। उसने न सिर्फ लिव इन पार्टनर की हत्या कर टुकड़े किए बल्कि उसके मर्डर के लगभग हफ्ते भर बाद ही नई प्रेमिका भी खोज ली। यहां तक कि उसने इस लड़की को तोहफे में वह अंगूठी दे दी, जो श्रद्धा पहनती थी। ये बातें मंगलवार (सात मार्च, 2023) को दिल्ली के साकेत कोर्ट में सुनवाई के दौरान सामने आईं।

महरौली इलाके में हुई इस हत्या के मामले में अदालत ने आफताब के खिलाफ आरोपों पर दलीलें सुनीं। पुलिस ने बताया कि आरोपी आफताब "ट्रेन्ड शेफ" (Trained Chef) है। वह मांस को सुरक्षित करना जानता है। ऐसे में उसने श्रद्धा की हत्या के बाद उसकी लाश के टुकड़े किए थे और फिर महीने भर से ज्यादा अपने घर में छिपाकर रखा था।

कोर्ट में पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपी ने वालकर के मर्डर के बाद सूखी बर्फ, अगरबत्ती और फर्श साफ करने वाले केमिकल मंगाए थे। आरोपी इतना शातिर है कि उसने हत्या के बाद उसके शव को घर में रखा और उसके बाद नया रिश्ता भी बना लिया था। आफताब ने नई प्रेमिका को वह अंगूठी तक दे दी, जो श्रद्धा कभी पहनती थी।

पुलिस के मुताबिक, "आरोपी के खिलाफ पुख्ता परिस्थितिजन्य सबूत हैं। साथ ही कई लोगों के बयान हैं, जिससे साफ है कि हत्या उसी ने की है। आरोपी के खिलाफ केस चलाया जाए।" मामले की अगली सुनवाई 20 मार्च, 2023 को है।

दिल्ली पुलिस ने इस दौरान कोर्ट को बताया कि वालकर को 18 मई, 2022 की शाम को पूनावाला के साथ बहस के बीच पड़ोसी ने आखिरी बार जिंदा देखा था। पूनावाला ने इसके तुरंत बाद उसका बैंक बैलेंस ‘‘साफ’’ कर दिया था। दरअसल, आफताब पर अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर की हत्या करने और फिर उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े (35 हिस्से) करने का आरोप है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article