Shraddha Walkar Murder Case: दिल्ली के श्रद्धा वालकर हत्याकांड में एक तरफ हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं, दूसरी तरफ इस सनसनीखेज मामले में पेंच फंस सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि आरोपी आफताब अमीन पूनावाला ने कोर्ट में कभी भी अपनी लिव इन पार्टनर की हत्या की बात नहीं कबूली है, जबकि पुलिस का दावा कुछ और ही है। पुलिस ने बताया था कि पूनावाला ने मर्डर की बात कबूलते हुए उसकी लाश के 36 टुकड़े कर दिल्ली में फेंकने की बात मानी थी।
मंगलवार (22 नवंबर, 2022) को पूनावाला के वकील अविनाश कुमार का दावा है, ‘‘मैंने आज पूनावाला से पांच-सात मिनट बात की। सुबह जब मैंने उससे बात की तो वह तनावमुक्त और बेहद आत्मविश्वास में दिखा। उसने आक्रामकता का कोई लक्षण नहीं दर्शाया।’’ वकील ने आगे बताया कि जब उन्होंने पूनावाला से पूछा कि क्या वह मामले में कानूनी कार्यवाही का पालन करने में सक्षम है और क्या वह बचाव पक्ष से संतुष्ट हैं, तो उसने ‘‘हां’’ में जवाब दिया।
कुमार ने समाचार एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उसने कभी भी कोर्ट में यह स्वीकार नहीं किया कि उसने वालकर की हत्या की थी।’’ हालांकि, यह पुलिस के इस दावे के विपरीत है कि पूनावाला ने वालकर की हत्या करने और उसके शरीर के अंगों को विभिन्न स्थानों पर फेंकने की बात स्वीकार की है। कुमार ने कहा कि पूनावाला का परिवार सामने आने से डर रहा है और वे मामले के थोड़ा शांत होने का इंतजार कर रहे हैं।
बकौल वकील, ‘‘जो कुछ हुआ उसके बाद वे डरे हुए हैं और फिलहाल मीडिया से दूर रहना चाहते हैं। यहां तक कि मैं भी अभी तक उनसे नहीं मिल पाया हूं। मैं पूनावाला के परिवार से संपर्क करने के लिए अदालत में एक याचिका दायर करने की भी योजना बना रहा हूं।’’ इस बीच, दिल्ली पुलिस सूत्र ने जानकारी दी है कि इस केस में रोहिणी एफएसएल में आरोपी आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट शुरू हो गया है।
उधर, क्राइम स्पॉट यानी आफताब के घर से पुलिस ने साइट प्लान (नक्शा) भी रिकवर किया है। पुलिस के मुताबिक, इससे श्रद्धा के केस में इन्वेस्टिगेशन और सर्च में मदद मिल सकती है। आफताब ने जहां-जहां श्रद्धा के शव के टुकड़े ठिकाने लगाए उन जगहों के बारे में घर के अंदर एक कच्चा नक्शा भी तैयार करके रखा था। पुलिस ने साकेत कोर्ट में बताया कि श्रद्धा के शव के कई हिस्से आरोपी आफताब के डिस्क्लोजर/ निशानदेही पर जंगल से रिकवर किए जा चुके हैं।
