LIVE

आज की ताजा खबर, 21 जुलाई 2026 हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ लाइव: राहुल, प्रियंका पीएम आवास के पास धरने पर बैठे; वियतनाम में बस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत

आज की ताजा खबर लाइव, 21 जुलाई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [CJP जंतर मंतर प्रदर्शन], [सिक्किम सुरंग हादसा], [भारतीय मर्चेंट नेवी अफसर की मौत] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च में हुई हिंसा और लाठीचार्ज के बाद जंतर-मंतर पर तनाव के बीच लोग फिर जुट गए हैं। वहीं, CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने अस्पताल में घायल छात्रों से मुलाकात की। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने गाड़ियों में तोड़फोड़ के आरोप में कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात उपद्रवियों पर FIR दर्ज की है। दूसरी ओर, सोनम वांगचुक की अस्पताल से प्राइवेट ट्रांसफर याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट आज सुनवाई करेगा। इधर मॉनसून सत्र का दूसरा दिन जारी है और लोकसभा में विपक्ष का हंगामा देखने को मिल रहा है।

इसके साथ ही, भारत ने पाकिस्तान को अल्टीमेटम दिया है कि आतंकवाद खत्म किए बिना 'सिंधु जल संधि' अपने पुराने स्वरूप में लागू नहीं होगी। उधर, यूक्रेन तट के पास रूसी हमले में एक भारतीय नाविक समेत 9 लोगों की जान चली गई है, जबकि सिक्किम में एक निर्माणाधीन सुरंग ढहने और जहरीली गैस के रिसाव के कारण 27 मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं।

Nitin AroraUpdated Jul 21, 2026, 16:44 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 21 जुलाई 2026 हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ लाइव: राहुल, प्रियंका पीएम आवास के पास धरने पर बैठे; वियतनाम में बस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत

आज की ताजा खबर, 21 जुलाई 2026 हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ लाइव: राहुल, प्रियंका पीएम आवास के पास धरने पर बैठे; वियतनाम में बस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [CJP जंतर मंतर प्रदर्शन], [सिक्किम सुरंग हादसा], [भारतीय मर्चेंट नेवी अफसर की मौत] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा सुधारों की मांग को लेकर दिल्ली की सड़कों पर उतरा छात्र आंदोलन अब और उग्र रूप ले चुका है। सोमवार को संसद मार्च के दौरान हुए भारी लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोलों और 15-20 गाड़ियों में तोड़फोड़ के बाद दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस थाने में दंगा और उपद्रव की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। CJP प्रमुख अभिजीत दिपके और प्रवक्ता आशुतोष रांका ने जंतर-मंतर पहुंचकर फिर से प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। दिपके ने आरोप लगाया कि पुलिसिया बर्बरता में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हैं और RML अस्पताल में भर्ती एक छात्रा की हालत बेहद नाजुक है। वहीं, सफदरजंग अस्पताल में भर्ती एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की मेडिकल रिपोर्ट दिल्ली हाई कोर्ट में पेश की जानी है, जिसके आधार पर उन्हें प्राइवेट अस्पताल शिफ्ट करने पर फैसला होगा।

दूसरी तरफ, कूटनीतिक और वैश्विक मोर्चे पर भी बड़ी खबरें सामने आई हैं। भारत सरकार ने पाकिस्तान को दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि सीमा पार आतंकवाद का खात्मा किए बिना 1960 की ऐतिहासिक 'सिंधु जल संधि' पर कोई पुनर्विचार या बहाली संभव नहीं है। इधर मॉनसून सत्र का दूसरा दिन जारी है और लोकसभा में विपक्ष का हंगामा देखने को मिल रहा है।

JUL 21, 2026 16:44 IST

रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ठगने वाली आठ फर्जी होटल वेबसाइट बंद की गईं

ओडिशा पुलिस ने पुरी रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से होटल बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाली कम से कम आठ फर्जी होटल वेबसाइट को बंद करा दिया है। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई। साइबर सुरक्षा अभियान चला रही अपराध शाखा ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने और होटल की बुकिंग केवल विश्वसनीय एवं अधिकृत माध्यमों से ही करने की अपील की है। अपराध शाखा ने बयान में कहा, ’’20 जुलाई को आठ फर्जी होटल वेबसाइट को बंद करा दिया गया। हम सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हैं कि वे सतर्क रहें, साइबर सुरक्षा संबंधी सलाह का पालन करें, होटल बुकिंग केवल वास्तविक स्रोतों से ही करें और सुरक्षित तथा साइबर जागरूक रथ यात्रा-2026 सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करें।’’ बयान के अनुसार, अभियान के तहत एक विशेष टीम तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, होटल मालिकों, स्थानीय लोगों और अन्य संबंधित पक्षों को त्योहार के दौरान उभर रहे साइबर खतरों के प्रति जागरूक कर रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टीम पुरी के प्रमुख होटल का दौरा कर उनके प्रबंधन को रथ यात्रा के दौरान पर्यटकों और श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले फर्जी होटल बुकिंग धोखाधड़ी के बारे में जागरूक कर रही है। साथ ही होटल की वेबसाइट का भी आकलन किया जा रहा है और उनमें मौजूद संभावित कमजोरियों को दूर करने के लिए परामर्श जारी किया जा रहा है। पुरी में 16 जुलाई से शुरू हुई रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचे हैं। यह उत्सव 27 जुलाई को ’नीलाद्रि बीजे’ अनुष्ठान के साथ संपन्न होगा, जिसमें भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा गुंडिचा मंदिर से वापस जगन्नाथ मंदिर लौटेंगे।
JUL 21, 2026 16:40 IST

राहुल, प्रियंका पीएम आवास के पास धरने पर बैठे

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कई अन्य नेता छात्रों के खिलाफ पुलिस के बल प्रयोग के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रधानमंत्री आवास के निकट धरने पर बैठ गए। प्रधानमंत्री के आवास ’7 लोक कल्याण मार्ग’ के निकट धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने यहां ’प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’ के नारे लगाए। इससे पहले, राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए और पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से यह भी कहा कि छात्रों की पिटाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह को भी त्यागपत्र देना चाहिए। प्रियंका गांधी ने कहा, ’’हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष को बात करने नहीं दिया जाता। ये सदन उन्हीं युवाओं का है जिन पर सरकार लाठी चला रही है, आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। बच्चों की बात सुनी जाए और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए। ’’ कांग्रेस के दोनों प्रमुख नेताओं ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात भी की।
JUL 21, 2026 16:38 IST

वियतनाम में बस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत

दक्षिणी वियतनाम के डोंग नाइ शहर के पास एक स्लीपर बस सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे उसमें आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह स्लीपर बस थी जिसमें सीटों की जगह लेटने के लिए बिस्तर लगे होते हैं। वियतनाम में लंबी दूरी और रात भर की यात्रा के लिए ऐसी बसों का इस्तेमाल किया जाता है। सरकारी मीडिया वीएन एक्सप्रेस ने बताया कि बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसके निचले हिस्से में आग लग गई और देखते ही देखते उसने यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया।
बस के चालक ट्रान थान हाई (41) ने बताया कि आग इतनी तेज़ी से फैली कि कई यात्री बाहर नहीं निकल पाए। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में आधा घंटा लगा। अधिकारियों ने जली हुई बस से सात शव बरामद किए। घायल पांच यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

JUL 21, 2026 11:09 IST

दोनों सदनों में कार्यवाही स्थगित

विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को लोकसभा की बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर बारह बजे तक स्थगित । इसके अलावा राज्यसभा भी स्थगित कर दी गई है।
JUL 21, 2026 11:08 IST

NDA की बैठक में पीएम मोदी का रुख

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को हाल में मिली उपलब्धियों के बारे में चर्चा की : केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने राजग की बैठक के बाद कहा।
JUL 21, 2026 08:45 IST

यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई: बलरामपुर से आईएसआई नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध की गिरफ्तारी

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (यूपी एटीएस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बलरामपुर जिले के गैसड़ी थाना क्षेत्र से 29 वर्षीय शहरोज अहमद को गिरफ्तार किया है। एटीएस का दावा है कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था और भारत में आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने की साजिश का हिस्सा बन चुका था। एजेंसी के अनुसार, वह सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को जोड़कर स्लीपर सेल तैयार करने और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।

एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के अनुसार, एटीएस को खुफिया सूचना मिली थी कि बलरामपुर निवासी शहरोज अहमद पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के नेटवर्क से जुड़कर देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त है तथा किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर 19 जुलाई को गैसड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जमधरा में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि अक्टूबर 2025 में कथित आईएसआई एजेंट जसवीर चौधरी ने फेसबुक पर 'जिगर वाले शूटरों' की मांग संबंधी एक पोस्ट साझा की थी। एटीएस का आरोप है कि शहरोज ने इस पोस्ट पर स्वयं को सबसे "जिगरवाला" बताते हुए टिप्पणी की, जिसके बाद दोनों के बीच संपर्क स्थापित हुआ। बाद में बातचीत व्हाट्सएप, मैसेंजर और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर होने लगी। एजेंसी का दावा है कि इसी दौरान आरोपी को भारत में युवाओं को आर्थिक प्रलोभन देकर नेटवर्क से जोड़ने और स्लीपर सेल तैयार करने के निर्देश दिए गए।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मूल रूप से मुंबई में रह रहा था, लेकिन कथित पाकिस्तानी एजेंट के निर्देश पर दो दिन पहले अपने गांव लौटा था। एटीएस के अनुसार उसे राजस्थान के श्रीगंगानगर से हथियार और विस्फोटक सामग्री लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस काम के लिए उसके बैंक खाते में 5,000 रुपये भी भेजे गए थे।

एटीएस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनसे डिजिटल साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। एजेंसी का कहना है कि इन उपकरणों से मिले इनपुट के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यूपी एटीएस ने आरोपी के खिलाफ लखनऊ स्थित एटीएस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 148, 152 और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि पूछताछ के दौरान आईएसआई समर्थित नेटवर्क, उसके संपर्कों और संभावित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।
JUL 21, 2026 08:43 IST

जंतर-मंतर पर फिर शुरू हुआ प्रदर्शन, RML अस्पताल पहुंचे अभिजीत दिपके और दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR

'चलो संसद' मार्च के दूसरे दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके और प्रवक्ता आशुतोष रांका जंतर-मंतर पहुंचे, जिसके बाद बारिश के बीच फिर से लोगों ने अपनी मांगों को लेकर नारे बुलंद किए।

इससे पहले अभिजीत दिपके ने राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल जाकर सोमवार के लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों से मुलाकात की और सोशल मीडिया पर दावा किया कि एक छात्रा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

सोमवार को पुलिस लाठीचार्ज और आंसू गैस के दौरान शबाना आजमी, प्रकाश राज, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. अंगमो और दिपके को ले जा रहे एक ट्रक पर भी हमले का आरोप लगा है।

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने 15-20 गाड़ियों में तोड़फोड़ और हिंसा के मामले में कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की पैथोलॉजिकल रिपोर्ट दिल्ली हाई कोर्ट में तलब की गई है।
JUL 21, 2026 08:41 IST

'आतंकवाद खत्म करे पाकिस्तान': भारत ने साफ किया कि मौजूदा स्वरूप में नहीं चलेगी 'सिंधु जल संधि'

भारत सरकार ने पाकिस्तान को बेहद कड़ा कूटनीतिक संदेश देते हुए साफ कर दिया है कि 1960 की 'सिंधु जल संधि' (Indus Waters Treaty) अपने मौजूदा स्वरूप में अब दोबारा कभी लागू नहीं होगी।

भारत ने स्पष्ट कहा है कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार से होने वाले आतंकवाद को पूरी तरह से बंद नहीं करता, तब तक जल बटवारे की पुरानी शर्तों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत का यह सख्त रुख पाकिस्तान की कृषि और अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है।
JUL 21, 2026 08:40 IST

यूक्रेन तट के पास रूसी हमले में मर्चेंट नेवी का भारतीय नाविक शहीद

यूक्रेन-रूस युद्ध की भयंकर आग में एक बार फिर एक निर्दोष भारतीय नागरिक की जान चली गई है।

काला सागर में यूक्रेन के तट के पास एक मालवाहक जहाज पर हुए भीषण रूसी मिसाइल और ड्रोन हमले में केरल के रहने वाले एक युवा नाविक की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि इस हमले में कुल 9 लोग मारे गए हैं।

मृतक नाविक की कुछ ही हफ्ते पहले सगाई हुई थी और इस दुखद खबर के सामने आते ही केरल में उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
JUL 21, 2026 15:32 IST

सिक्किम में सुरंग ढही: 8 लोगों की मौत

पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम में एक बड़ा बुनियादी ढांचा हादसा सामने आया है, जहां एक निर्माणाधीन सुरंग के अचानक ढह जाने से भयंकर अफरा-तफरी मच गई है।

इस मलबे के नीचे दबने से 8 मजदूर की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 27 अन्य मजदूर अभी भी सुरंग के भीतर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।

सुरंग के भीतर से खतरनाक जहरीली गैस का रिसाव होने के कारण एनडीआरएफ और बचाव टीमों को राहत कार्य चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।