Karnataka CM Row: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश का बयान सामने आया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि उनके भाई शिवकुमार मुख्यमंत्री पद को लेकर न तो जल्दबाजी में और न ही किसी दबाव में हैं।
सुरेश का यह बयान ऐसे समय पर आया जब सिद्दारमैया ने कहा था कि वह अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। पहले यह अटकलें लगाई जा रही थी कि शिवकुमार मौजूदा कार्यकाल में मुख्यमंत्री की भूमिका संभाल लेंगे। सुरेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। आलाकमान, मुख्यमंत्री और शिवकुमार पहले ही इस मामले को स्पष्ट कर चुके हैं।
सिद्दारमैया ने कहा कि वह नेतृत्व में बने रहेंगे। फिर भी हमें नहीं पता कि मीडिया में क्यों भ्रम है। उन्होंने कहा कि शिवकुमार उन्हें दी गई ज़िम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभा रहे हैं और पार्टी के निर्देशों के अनुसार काम कर रहे हैं।
क्या खाली है मुख्यमंत्री का पद?
सुरेश ने कहा कि फिलहाल मुख्यमंत्री का पद खाली नहीं है। हमें नहीं पता कि इस मुद्दे पर बार-बार चर्चा क्यों हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि शिवकुमार एक वफ़ादार पार्टी कार्यकर्ता हैं, जो कांग्रेस आलाकमान का सम्मान करते हैं।
कांग्रेस ने दी अभिव्यक्ति की ताकत
शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस ने अपने नेताओं और सदस्यों को जो दिया है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण यह है कि पार्टी ने उन्हें अभिव्यक्ति की ताकत दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुझे जो दिया है वह महत्वपूर्ण नहीं है और ऐसा सवाल मत पूछिए कि पार्टी ने मुझे सदस्य, अध्यक्ष, मंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री या राज्यपाल नहीं बनाया। महत्वपूर्ण बात यह है कि इसने हमें अभिव्यक्ति की शक्ति दी है।
क्या बदलने वाला है मुख्यमंत्री?
सिद्दारमैया ने बीते दिनों राज्य सरकार में नेतृत्व परिवर्तन से जुड़ी अटकलों को खारिज कर दिया था और कहा था कि मुख्यमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है और वह पद पर बने हुए हैं। सिद्दारमैया ने दावा किया था कि वह मुख्यमंत्री के रूप में अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे और उन्होंने इस साल के आखिर में उप मुख्यमंत्री शिवकुमार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने का मार्ग प्रशस्त होने से संबंधित अटकलों को खारिज कर दिया।
